Advertisements
Spread the love

चाकुलिया: धनतेरस पर बाजार में उमड़ी भीड़, जमकर हुई खरीदारी

संवाददाता: विश्वकर्मा सिंह 

चाकुलिया: धनतेरस के अवसर पर शनिवार को चाकुलिया बाजार में जमकर धनवर्षा हुई. दीपावली को लेकर बाजार में सुबह से ही खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. हजारों की संख्या में लोग खरीदारी करने बाजार पहुंचे. ग्राहकों की भीड़ से दुकानदारों के चेहरे भी खिल उठे। बाजार में देर तक चहल-पहल बनी रही.

धनतेरस पर सबसे अधिक बिक्री बर्तन और झाड़ू की हुई. इसके अलावा कपड़े, शृंगार सामग्री, इलेक्ट्रॉनिक्स सामान, मिठाइयों तथा पूजा सामग्री की दुकानों पर भी ग्राहकों की अच्छी भीड़ देखने को मिली. लोगों ने दीपावली पूजन के लिए लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां भी खरीदीं.

दीपावली को लेकर बच्चों में भी खासा उत्साह देखने को मिला. बच्चे पटाखों की खरीदारी को लेकर उत्साहित नजर आए. वहीं, घरों को सजाने के लिए बाजार में तरह-तरह के आर्टिफिशियल फूल, रंगोली के डिजाइन, रंगोली बनाने की सामग्री और दरवाजों पर लगाने वाले आकर्षक तोरण की भी खूब बिक्री हुई. विभिन्न रंगों और डिजाइनों के आर्टिफिशियल फूल लोगों को आकर्षित कर रहे हैं.

धनतेरस के साथ ही दीपावली की खरीदारी को लेकर चाकुलिया बाजार पूरी तरह गुलजार रहा. सुबह से शाम तक दुकानों में ग्राहकों का तांता लगा रहा. बाजार में उमड़ी भीड़ और अच्छी बिक्री से व्यापारियों में भी खासा उत्साह देखा गया.

You missed