
चाकुलिया: विधायक समीर मोहंती का प्रयास रंग लाया, चाकुलिया में 43.93 करोड़ की लागत से बनेगा सोलर पॉवर प्लांट

(विश्वकर्मा सिंह) चाकुलिया वासियों को अब बिजली की समस्या से निजात मिलेगा. बिजली की समस्या को जड़ से खत्म करने के लिए विधायक समीर मोहंती का लगातार प्रयास रंग लाया है. चाकुलिया के पूर्णापानी मौजा में 43.93 करोड़ की लागत से सोलर पावर प्लांट अधिष्ठापन का रास्ता साफ हो गया है. योजना की स्वीकृति के पश्चात विभाग द्वारा निविदा भी निकाल दिया गया है. निविदा प्रक्रिया के उपरांत निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा. वहीं बहुत जल्द बहरागोड़ा को भी सोलर पावर सिस्टम से बिजली मिलेगी. इस दौरान मंगलवार को विधायक समीर मोहंती ने ज्रेडा के निदेशक के के वर्मा से मिलकर बहरागोड़ा को सोलर सिटी के रूप में विकसित करने के लिए तमाम कागजी प्रक्रिया को जल्द पूरा करते हुए प्लांट अधिष्ठापन हेतु निर्देश दिया. निदेशक के के वर्मा ने कहा कि आवश्यक भूमि हस्तांतरण कि प्रक्रिया पूर्ण होते ही बहरागोड़ा का भी कार्य प्रारंभ किया जाएगा. सनद रहे कि बहरागोड़ा विधानसभा हमेशा से बिजली की समस्या से जूझते रहा है. विधायक समीर मोहंती के विधायक बनने के पश्चात संकल्प था कि यहां की जनता की बुनियादी समस्याओं को दूर करेंगे. इसी कड़ी में उच्च शिक्षा की समस्या को दूर करने के लिए चाकुलिया में डिग्री कॉलेज की स्थापना तथा विधानसभा क्षेत्र में सोलर पावर प्लांट की स्थापना से विधायक समीर मोहंती का चुनावी वायदा तो पूरा हुआ. साथ ही स्थानीय लोगों की दीर्घ प्रतीक्षित मांगें भी पूरी हुई.

