Spread the love

चाचा की कुल्हाड़ी से हत्या, आरोपी भतीजा गिरफ्तार

Advertisements
Advertisements

दुमका संवाददाता- मौसम गुप्ता 

दुमका : मसलिया टोंगरा थाना क्षेत्र के बांसकुली पंचायत अंतर्गत सिजुआ गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां मामूली विवाद में एक सहोदर भतीजे ने अपने ही चाचा की कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी। मृतक की पहचान मंगल पुजहर के रूप में हुई है। इस मामले में मृतक की बेटी पूजा देहरी के बयान पर टोंगरा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी भतीजा सुभाष पुजहर को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम करीब तीन बजे मंगल पुजहर जंगल से लकड़ी काटकर घर लौटे थे। इसी दौरान उनका भतीजा सुभाष पुजहर अपनी पत्नी के साथ गाली-गलौज कर रहा था। मंगल पुजहर ने इसका विरोध किया, जिससे दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। धीरे-धीरे विवाद इतना बढ़ गया कि सुभाष ने कुल्हाड़ी उठाकर मंगल पर हमला कर दिया। हमले में मंगल पुजहर के पैर में गंभीर चोट लगी और अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा। परिजन उन्हें तत्काल रानीश्वर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां स्थिति गंभीर देखते हुए उन्हें पश्चिम बंगाल के सिउड़ी अस्पताल रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान अत्यधिक खून बह जाने के कारण गुरुवार सुबह करीब चार बजे उनकी मृत्यु हो गई।
मृतका की बेटी पूजा देहरी के लिखित आवेदन पर टोंगरा थाना प्रभारी गुरूचरण मांझी ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है।