
चाकुलिया: पंचायत जनप्रतिनिधियों की आवंटित राशि के उपयोग को लेकर सदन में विधायक समीर मोहंती ने उठाई आवाज
संवाददाता: विश्वकर्मा सिंह
मानसून सत्र के दौरान बहरागोड़ा विधायक समीर मोहंती ने पंचायत जनप्रतिनिधियों को विकास कार्यों के लिए आवंटित राशि के उपयोग से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दे को विधानसभा सदन में उठाया. विधायक ने सरकार से मांग की कि पंचायत जनप्रतिनिधियों को आवंटित विकास राशि के उपयोग को लेकर स्पष्ट विभागीय दिशा-निर्देश जारी किए जाएं, ताकि राशि के उपयोग की प्रक्रिया को लेकर किसी प्रकार की असमंजस की स्थिति उत्पन्न न हो और ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति मिल सके. उन्होंने कहा कि पंचायत जनप्रतिनिधि गांव की स्थानीय जरूरतों और समस्याओं से सीधे जुड़े होते हैं. ऐसे में उन्हें उपलब्ध कराई गई विकास राशि का प्रभावी, पारदर्शी और जनहित में उपयोग सुनिश्चित किया जाना जरूरी है.

विधायक ने कहा कि स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी होने से पंचायत स्तर पर सड़क, नाली, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था समेत अन्य बुनियादी विकास कार्यों को बेहतर तरीके से पूरा करने में सुविधा होगी। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी आएगी और लोगों को इसका सीधा लाभ मिलेगा. विधायक समीर मोहंती ने कहा कि पंचायतों को सशक्त किए बिना गांवों का समग्र विकास संभव नहीं है. सरकार की प्राथमिकता ग्रामीण क्षेत्रों में विकास को गति देना और पंचायतों के माध्यम से सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना होना चाहिए.
