
चाकुलिया: विधायक समीर मोहंती ने कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की को पत्र सौंपकर चेक डैम निर्माण की मांग की
संवाददाता: विश्वकर्मा सिंह
बहरागोड़ा विधानसभा के विधायक समीर मोहंती ने क्षेत्र के किसानों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए राज्य की कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की को पत्र सौंपकर चाकुलिया प्रखंड में चेक डैम निर्माण की मांग की है. इस दौरान विधायक समीर मोहंती ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि चाकुलिया प्रखंड एक कृषि प्रधान क्षेत्र है, जहां अधिकांश किसान अपनी आजीविका के लिए खेती पर निर्भर हैं. लेकिन सिंचाई की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण किसानों को आज भी वर्षों के पानी पर निर्भर रहना पड़ता है, जिससे खेती प्रभावित होती है और उत्पादन में अपेक्षित वृद्धि नहीं हो पाती है. उन्होंने विशेष रूप से बेंद पंचायत के बेंद मौजा स्थित कुपन नदी तथा कामारीगोड़ा मौजा स्थित गंधरूपी नदी पर चेक डैम निर्माण कराने का आग्रह किया है. उनका मानना है कि इन स्थानों पर चेक डैम बनने से क्षेत्र के किसानों को पर्याप्त सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे कृषि उत्पादन बढ़ेगा और किसानों की आर्थिक स्थिति में सुधार आएगा.

विधायक समीर मोहंती ने कहा कि राज्य सरकार किसानों की समृद्धि और कृषि विकास के लिए प्रतिबद्ध है और इस दिशा में लगातार ठोस कदम उठाए जा रहे हैं. उन्होंने उम्मीद जताई कि इस मांग पर सकारात्मक पहल होगी और जल्द ही क्षेत्र के किसानों को इसका लाभ मिलेगा.
Related posts:

