चाकुलिया: डेंगू लार्वा मिलने पर नगर पंचायत की बड़ी कार्रवाई, चार लोगों पर लगा जुर्माना
संवाददाता: विश्वकर्मा सिंह
चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र में कार्यपालक पदाधिकारी मोटाय बानरा के निर्देश पर नगर पंचायत एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की संयुक्त टीम द्वारा डेंगू रोकथाम अभियान के तहत डोर-टू-डोर लार्वा जांच अभियान चलाया गया. इस अभियान के दौरान वार्ड संख्या 10 एवं 11 के नागानल कॉलोनी, स्वर्णरेखा कॉलोनी और बीड़ी पट्टी क्षेत्र में घर-घर जाकर डेंगू लार्वा की जांच की गई. जांच के क्रम में कई स्थानों पर भारी मात्रा में डेंगू के लार्वा पाए गए। टीम ने तत्काल लार्वा को नष्ट कराया तथा संबंधित स्थानों पर एंटी-लार्वा रसायन का छिड़काव किया.



इस दौरान लापरवाही पाए जाने पर चार लोगों से दंडात्मक शुल्क भी वसूला गया. इसमें मीना देवी से 100 रुपये, कृष्ण ठाकुर से 200 रुपये, अनीता मुंडा से 100 रुपये तथा बोनी गोप से 200 रुपये का जुर्माना लिया गया. साथ ही नगर पंचायत ने लोगों से अपने घरों एवं आसपास पानी जमा नहीं होने देने, कूलर, गमले, टायर एवं अन्य जलभराव वाले स्थानों की नियमित सफाई करने तथा डेंगू से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां अपनाने की अपील की है.

इस मौके पर कनीय अभियंता हरिमोहन पनिका, राजस्व निरीक्षक वीरेंद्र उरांव, सफाई सुपरवाइजर असीम नाथ, कंप्यूटर ऑपरेटर असित कुमार ज्योति, एमपीडब्ल्यू राजेंद्र नाथ महतो, विकास कुमार गिरी आदि उपस्थित थे.

