
नामकुम में प्रखंड सम्मेलन की तैयारी शुरू
आजसू पार्टी की संगठनात्मक बैठक
Arjun Kumar….✍️
नामकुम(रांची) । आजसू पार्टी ने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत और सक्रिय बनाने की दिशा में अपनी गतिविधियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में नामकुम प्रखंड के पूर्वी एवं पश्चिमी जोन की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन विस्तार, पंचायत एवं बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने तथा आगामी प्रखंड सम्मेलन की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में कार्यकर्ताओं ने संगठन को गांव, पंचायत और बूथ स्तर तक सशक्त बनाने के साथ युवाओं, महिलाओं एवं नए लोगों को पार्टी से जोड़ने पर जोर दिया। नामकुम प्रखंड संगठन प्रभारी पारसनाथ उरांव ने कहा कि संगठन की असली ताकत समर्पित कार्यकर्ता हैं। नए और ऊर्जावान कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी देकर संगठन को और मजबूत बनाने की जरूरत है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय और एकजुटता के साथ संगठन विस्तार में जुटने की अपील की।
बैठक में आगामी 22 नवंबर को आयोजित होने वाले नामकुम प्रखंड सम्मेलन को सफल बनाने की रणनीति भी तैयार की गई। सम्मेलन वाई.बी.एन. यूनिवर्सिटी, राजाउलातु में आयोजित होगा। इसके लिए पंचायत एवं ग्राम स्तर पर जनसंपर्क अभियान चलाने और अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर सहमति बनी।
उल्लेखनीय है कि संगठनात्मक गतिविधियों के तहत आजसू पार्टी की पहली बैठक टाटीसिलवे में संपन्न हुई। इसके बाद नामकुम में बैठक आयोजित की गई। वहीं, तुपुदाना स्थित कालिका मार्ट में अगली बैठक आयोजित करने की तैयारी है।
मौके पर केंद्रीय सचिव जितेंद्र सिंह, फुलकुमारी, केंद्रीय सदस्य उमेश कुमार महतो, जिला अध्यक्ष वीणा कुमारी, बीरबल बैठा, माथुर प्रसाद, प्रदीप जायसवाल, रतन लाल सिंह होंडा, विवेक गोप, नागेश्वर गझू, राजेंद्र कांत महतो, रामदास महतो, अमृत लाल महतो, बिनोद मुंडा, राजू उरांव, उज्ज्वल जायसवाल, बिनोद महतो, मनोज मुंडा, संजय कुमार महतो, जॉन तिग्गा, सरस्वती देवी, प्रीति सिंह, सरिता देवी, सुनीता टोप्पो, वीणा देवी, सावित्री देवी, लीणा रानी सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।
संगठन विस्तार और कार्यकर्ताओं की एकजुटता के संकल्प के साथ बैठक संपन्न हुई।
