
चाकुलिया: पद्मश्री जमुना टुडू ने चियाबांधी में बैठक कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति ग्रामीणों को किया जागरूक
संवाददाता: विश्वकर्मा सिंह
चाकुलिया प्रखंड के चियाबांधी गांव में सोमवार को जोहार भारत फाउंडेशन की ओर से पर्यावरण संरक्षण को लेकर एक बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता हेमावती महतो ने की. इसमें फाउंडेशन की सचिव एवं पद्मश्री सम्मान से सम्मानित जमुना टुडू मुख्य रूप से शामिल हुईं.

बैठक के दौरान जमुना टुडू ने ग्रामीणों को पर्यावरण संरक्षण के महत्व के बारे में जानकारी दी. उन्होंने लोगों को अधिक से अधिक पौधे लगाने, जंगलों में रहने वाले पशु-पक्षियों की रक्षा करने तथा सिंचाई के उचित तरीकों को अपनाने के लिए प्रेरित किया. साथ ही उन्होंने पेड़ों की कटाई नहीं करने और उन्हें किसी भी प्रकार का नुकसान नहीं पहुंचाने की अपील की.

उन्होंने कहा कि जंगल और पेड़-पौधे प्रकृति के महत्वपूर्ण अंग हैं. इनका संरक्षण करना हम सभी की जिम्मेदारी है. पर्यावरण को सुरक्षित रखकर ही आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर भविष्य सुनिश्चित किया जा सकता है.

इस मौके पर माधवी महतो, चंपाली महतो, माधुरी महतो, प्रिया रानी महतो, सुचित्रा महतो, ललित महतो, मल्लिका महतो, सकीला सोरेन, हेमावती महतो, दीप्ति महतो, वसूल देवी महतो समेत अन्य ग्रामीण उपस्थित थे.
