
चाकुलिया: बिजली दरों में बढ़ोतरी से आम जनता पर दोहरा बोझ – भाजपा नेत्री चन्दना मुर्मू
संवाददाता: विश्वकर्मा सिंह
भाजपा नेत्री सह नगर पंचायत अध्यक्ष प्रत्याशी चन्दना मुर्मू ने झारखंड सरकार द्वारा बिजली दरों में की गई बढ़ोतरी पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इसे जनविरोधी निर्णय बताया है. उन्होंने कहा कि यह फैसला आम जनता, खासकर गरीब, मध्यम वर्ग, किसानों एवं छोटे व्यापारियों के लिए भारी आर्थिक बोझ साबित होगा.

चन्दना मुर्मू ने कहा कि सरकार ने ग्रामीण उपभोक्ताओं के लिए बिजली दर 6.70 रुपये प्रति यूनिट से बढ़ाकर 7.20 रुपये प्रति यूनिट कर दी है, जबकि शहरी क्षेत्रों में यह दर 6.85 रुपये से बढ़ाकर 7.40 रुपये प्रति यूनिट कर दी गई है. इसी प्रकार, व्यावसायिक उपभोक्ताओं के लिए भी दरों में वृद्धि की गई है. 5 किलोवाट से अधिक लोड वाले ग्रामीण उपभोक्ताओं के लिए दर 6.20 रुपये से बढ़ाकर 6.70 रुपये प्रति यूनिट और शहरी क्षेत्रों में 6.70 रुपये से बढ़ाकर 7.30 रुपये प्रति यूनिट कर दी गई है.
उन्होंने कहा कि इस बढ़ोतरी का सीधा असर छोटे दुकानदारों, व्यवसायियों और सेवा क्षेत्र से जुड़े लोगों पर पड़ेगा, जो पहले से ही बढ़ती महंगाई और लागत के दबाव से जूझ रहे हैं. ऐसे समय में सरकार द्वारा इस प्रकार का निर्णय लेना जनता की भावनाओं के विपरीत है.
चन्दना मुर्मू ने राज्य सरकार से मांग की कि वह इस फैसले पर पुनर्विचार करे और बढ़ी हुई बिजली दरों को तत्काल प्रभाव से वापस ले, ताकि आम जनता को राहत मिल सके.

