Advertisements
Spread the love

चाकुलिया: लघु उद्योग संघ ने खड़गपुर रेल डिवीजन के डीआरएम को सौंपा ज्ञापन

संवाददाता: विश्वकर्मा सिंह
चाकुलिया नया बाजार रेलवे स्टेशन के समीप रेलवे की एप्रोच सड़क की चौड़ाई बढ़ाने और सड़क के दोनों और नाली निर्माण को लेकर लघु उद्योग संघ ने दक्षिण पूर्व रेलवे के खड़गपुर रेल डिवीजन के डीआरएम के नाम एक पत्र प्रेषित किया है. इसकी प्रतिलिपि जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो, पूर्वी सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष और विधायक समीर मोहंती को दी गयी है. इसको लेकर संघ के अध्यक्ष दुर्गा दत्त लोधा ने सांसद से दूरभाष पर बात भी की है. पत्र में कहा गया है कि यह सड़क 40 फीट चौड़ी है. यह सड़क आगे जाकर आमलागोड़ा इलाके में जाने वाली सड़क से जुड़ती है. इस सड़क से प्रतिदिन व्यवसायिक वाहन (12 चक्का, 14 चक्का गाड़ियों) का अवागमन होता है. आमलागोड़ा जाने वाली सड़क के किनारे कई गांव एवं कल कारखानें अवस्थित हैं. इसके अलावा इस सड़क के किनारे वन विभाग का इकोलॉजिकल पार्क का निर्माण भी हो रहा है. जानकारी के अनुसार वर्तमान में जो सड़क बनायी जा रही है, वह सिर्फ 15 फीट चौड़ी है. यह सड़क दक्षिण की ओर रैयत जमीन से सटा कर बनायी जा रही है. एप्रोच सड़क सिर्फ 15 फीट चौड़ी बनाने पर आमलागोड़ा जाने वाली सड़क पर बड़ी गाड़ियों का घूमना असंभव हो जायेगा. साथ ही सड़क के दोनों तरफ नाली का निर्माण भी जरूरी है. इससे आमलागोड़ा इलाके में अवस्थित कल-कारखाने प्रभावित होंगे और इस क्षेत्र में अवस्थित गांव के लोगों को कठिनाईयों का सामना करना पड़ेगा. साथ ही दुर्घटना होने की संभावना बढ़ जायेगी. इसलिए इस सड़क के चौड़ाई 40 फीट जरूरी है.

Advertisements

You missed