Advertisements
Spread the love

चाकुलिया: स्वामी विवेकानंद आईटीआई कॉलेज में आयोजित दीक्षांत समारोह में चार ट्रेड के टॉपर्स को किया गया सम्मानित

संवाददाता: विश्वकर्मा सिंह
चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र स्थित स्वामी विवेकानंद आईटीआई कॉलेज में भारत सरकार के निर्देशानुसार शुक्रवार को प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी दीक्षांत समारोह का आयोजन किया गया. समारोह में सत्र 2024-25-26 के इलेक्ट्रिशियन, फिटर, वेल्डर एवं कोपा ट्रेड के संस्थान टॉपर्स को प्रशस्ति पत्र एवं सर्टिफिकेट प्रदान कर सम्मानित किया गया. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अंचल अधिकारी नवीन पूर्ति शामिल हुए.

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि नवीन पूर्ति ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया. इसके बाद दीक्षांत समारोह की निर्धारित गाइडलाइन के अनुसार वंदे मातरम् एवं प्रार्थना के साथ कार्यक्रम आगे बढ़ा. इस अवसर पर संस्थान के प्राचार्य तरुण कुमार मोहंती ने मुख्य अतिथि को पौधा एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया.

शिक्षा का कभी अंत नहीं होता: नवीन पूर्ति

समारोह को संबोधित करते हुए अंचल अधिकारी नवीन पूर्ति ने संस्थान के टॉपर्स सहित सभी प्रशिक्षणार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की. उन्होंने कहा कि दीक्षांत का अर्थ दीक्षा का अंत है, लेकिन शिक्षा का नहीं शिक्षा ऐसी प्रक्रिया है, जिसका कभी अंत नहीं होता. विद्यार्थियों को जीवनभर नई चीजें सीखने और अपने ज्ञान को बेहतर बनाने का प्रयास करते रहना चाहिए. उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद आईटीआई कॉलेज हमेशा से प्रशिक्षणार्थियों को बेहतर तकनीकी ज्ञान उपलब्ध कराने के साथ-साथ बड़ी-बड़ी कंपनियों में प्लेसमेंट के अवसर प्रदान करता रहा है. इससे क्षेत्र का नाम रोशन हो रहा है. इस बेहतर कार्य के लिए संस्थान के प्राचार्य एवं पूरी टीम बधाई की पात्र है.

चार ट्रेड के टॉपर्स को किया गया सम्मानित

दीक्षांत समारोह में विभिन्न ट्रेडों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षणार्थियों को सम्मानित किया गया. इनमें फिटर ट्रेड में संजीव गिरी ने 1200 में 1187 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया. वहीं, इलेक्ट्रिशियन ट्रेड में संजय गिरी ने 1200 में 1184 अंक प्राप्त कर संस्थान में टॉप किया. इसी प्रकार कोपा ट्रेड में सुमित्रा सोरेन ने 600 में 588 अंक प्राप्त किए, जबकि वेल्डर ट्रेड में नीरा हांसदा ने 600 में 584 अंक हासिल कर संस्थान में प्रथम स्थान प्राप्त किया. इस दौरान सभी टॉपर्स को मुख्य अतिथि द्वारा प्रशस्ति पत्र एवं सर्टिफिकेट प्रदान कर सम्मानित किया गया.

इस मौके पर संस्थान के प्रशिक्षक संजीत राउत, पियूष पात्र, मनोज बेरा, राजेन पाल, राम मुर्मू, बसंत महतो, राजू महतो, नृपेन्द्र महतो, शुक्ला मोहंती आदि उपस्थित थे.

You missed