
हाथी के हमले में घायल लोगों के इलाज में डालसा की मदद
पीएलवी

अनिता देवी ने दिखाई तत्परता
Arjun Kumar Pramanik…….✍️
रांची । झालसा के कार्यपालक अध्यक्ष के दिशा-निर्देश, सदस्य सचिव के मार्गदर्शन तथा न्यायायुक्त-सह-अध्यक्ष के पर्यवेक्षण में, जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा), रांची द्वारा हाथी के हमले में घायल लोगों को त्वरित सहायता प्रदान की गई।
डालसा सचिव राकेश रौशन के निर्देश पर रिम्स, रांची में कार्यरत पीएलवी अनिता देवी ने घायलों को भर्ती कराकर उनके इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित की। घायलों में राहुल कुमार (10 वर्ष), आयुष कुमार (9 वर्ष), राखी कुमारी (11 वर्ष), शांति देवी (60 वर्ष) एवं सुषमा कुमारी (34 वर्ष) शामिल हैं। सभी को इलाज में डालसा का सहयोग मिल रहा है।
राहुल कुमार और शांति देवी का पैर टूट गया था, जिनका ऑपरेशन पीएलवी अनिता देवी की देखरेख में सफलतापूर्वक कराया गया। सुषमा कुमारी का थायरॉइड बढ़ा होने के कारण फिलहाल ऑपरेशन नहीं किया गया है। आयुष कुमार और राखी कुमारी का समुचित इलाज कराने के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
उल्लेखनीय है कि बोकारो जिले के गागपुर महुवाटांड़ गांव में एक हाथी अचानक गांव में घुस आया और 5 से 6 ग्रामीणों पर हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बोकारो से रिम्स, रांची रेफर किया गया।
डालसा की पहल से घायलों को समय पर उपचार उपलब्ध हो सका।

