
डालसा की पहल : नशा जागरूकता व स्वस्थ जीवन को लेकर पैदल मार्च और साइकिल रैली

दुमका ब्यूरो : मौसम गुप्ता
दुमका । झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार के निर्देशानुसार तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार, दुमका सुधांशु कुमार शशि के आदेश पर नशा जागरूकता एवं स्वस्थ जीवन मार्गदर्शन—नशा मुक्त भारत अभियान के तहत दुमका में पैदल जागरूकता यात्रा और साइकिल रैली का आयोजन किया गया। यह रैली शहर के प्रमुख स्थानों के साथ-साथ विभिन्न प्रखंडों और पंचायतों में निकाली गई। कार्यक्रम का मुख्य संदेश रहा—“जीवन को हां कहें, नशे को ना करें।” रैली के माध्यम से लोगों को नशे के दुष्परिणामों और स्वस्थ जीवन शैली अपनाने के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में बताया गया कि नशा मुक्त भारत तभी संभव है जब परिवार, विद्यालय, स्वास्थ्य सेवाएं, प्रशासन और समाज एकजुट होकर कार्य करें। माता-पिता का मार्गदर्शन, शिक्षकों की भूमिका और समुदाय का सहयोग इस दिशा में बेहद जरूरी है। इस अवसर पर पारा लीगल वॉलिंटियर्स ने कहा कि नशा न केवल व्यक्ति के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और सकारात्मक जीवन मूल्यों को अपनाने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान जागरूकता पंपलेट का भी वितरण किया गया। नशा जागरूकता और स्वस्थ जीवन मार्गदर्शन—एक सशक्त, स्वस्थ और जिम्मेदार समाज की ओर कदम।

