
गोंदली पोखर में करंट लगने से दीपक शर्मा की मौत, मुआवज़े की माँग को लेकर अस्पताल में धरना

राँची (अनगड़ा) : खिजरी विधानसभा क्षेत्र के गोंदली पोखर चौक निवासी दीपक शर्मा (उम्र लगभग 44 वर्ष) की शनिवार दोपहर करंट लगने से मौत हो गई। वे अपने आवास पर बिजली का काम कर रहे थे, तभी अचानक उन्हें तेज़ बिजली का झटका लगा। घटना दोपहर करीब 1:41 बजे की है। करंट लगने के बाद वे जमीन पर गिर पड़े। परिजनों ने आनन-फानन में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अनगड़ा पहुँचाया, लेकिन वहाँ प्राथमिक इलाज भी नहीं किया गया और बिना फर्स्ट एड के ही उन्हें रेफर कर दिया गया। बाद में परिजन और ग्रामीण उन्हें मेडिका अस्पताल लेकर पहुँचे, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दीपक शर्मा अपने पीछे पत्नी, एक 7 साल की बेटी और 4 साल के बेटे को छोड़ गए हैं। वे मनिहारी में दुकान चलाते थे। घटना की सूचना मिलते ही खिजरी के पूर्व विधायक रामकुमार पाहान, आजसू पार्टी प्रखंड अध्यक्ष जगर्नाथ महतो और मार्शल महतो समेत सैकड़ों ग्रामीण अस्पताल परिसर पहुँच गए। वहाँ दोषियों पर कार्रवाई और पीड़ित परिवार को मुआवज़ा देने की माँग को लेकर धरने पर बैठ गए हैं। स्थानीय प्रशासन की मौजूदगी में स्थिति को संभालने की कोशिश जारी है।
Vananchal24tvlive के लिए राँची से ब्यूरो रिपोर्ट

