
डालसा ने रेलवे स्टेशन पर चलाया साइबर फ्रॉड जागरूकता अभियान

Arjun Kumar Pramanik…..✍️
रांची । झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार, रांची की ओर से 12 मार्च को रांची रेलवे स्टेशन परिसर में साइबर फ्रॉड से बचाव को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का संचालन जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अध्यक्ष के मार्गदर्शन तथा सचिव राकेश रौशन की देखरेख में किया गया। इस अवसर पर एलएडीसीएस सहायक स्वीकृति विनाया तथा पैरा लीगल वॉलंटियर उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान यात्रियों और आम नागरिकों को साइबर अपराध से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। स्वीकृति विनाया ने बताया कि डिजिटल युग में साइबर ठगी की घटनाएं तेजी से बढ़ रही हैं। अपराधी कंप्यूटर, मोबाइल और इंटरनेट के माध्यम से लोगों को विभिन्न तरीकों से ठगते हैं। ऐसे में अज्ञात कॉल, संदिग्ध लिंक और फर्जी संदेशों से सतर्क रहना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तुरंत संबंधित हेल्पलाइन या नजदीकी थाना में सूचना देनी चाहिए। कार्यक्रम का उद्देश्य आम लोगों को जागरूक कर साइबर अपराध की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण में सहयोग करना है।

