
दुमका : राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस एवं अभाविप के 77वें स्थापना दिवस पर 9 जुलाई को होगी…
रिपोर्ट : मौसम गुप्ता


अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद दुमका की ओर से आगामी 9 जुलाई को राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस एवं परिषद के 77वें स्थापना दिवस के अवसर पर अग्रसेन भवन दुमका में भव्य प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में लगभग 600 छात्र-छात्राओं के शामिल होने की संभावना है।
एबीवीपी के विभाग संगठन मंत्री हिमांशु दुबे ने बताया कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद वर्ष 1949 से राष्ट्र एवं छात्रहित में निरंतर कार्य कर रही है। परिषद प्रत्येक वर्ष राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस के अवसर पर प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित कर बोर्ड एवं अन्य परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित करती है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करना तथा उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि एबीवीपी पिछले कई दशकों से शिक्षा, समाज और राष्ट्र निर्माण के लिए समर्पित होकर कार्य कर रही है तथा छात्रहित के प्रत्येक मुद्दे पर सदैव छात्रों के साथ खड़ी रही है और आगे भी खड़ी रहेगी।
उन्होंने दुमका जिले के सभी छात्र-छात्राओं, अभिभावकों, शिक्षकों एवं गणमान्य नागरिकों से अपील की है कि वे 9 जुलाई को श्री अग्रसेन भवन दुमका में आयोजित इस कार्यक्रम में अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराकर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करें।
