
दुमका : निजी विद्यालय की गायब हुईं नाबालिग छात्राओं का रेस्क्यू, एक युवक गिरफ्तार…
मौसम गुप्ता… ✍️

दुमका जिला में नगर थाना क्षेत्र स्थित निजी विद्यालय की कक्षा छह में पढ़ने वाली दो नाबालिग छात्राएं दो दिन पूर्व सोमवार की दोपहर छुट्टी होने के बाद गायब हो गई थीं । सीसीटीवी फुटेज से पता चला था कि वह दोनों दो लड़कों के साथ में गई हैं ।
दुमका पुलिस ने इस मामले को काफी गंभीरता से लिया और कई टीम बनाकर छानबीन शुरू किया । काफी मशक्कत के बाद पुलिस दोनों छात्राओं को बिहार के बेतिया से मुक्त कर दुमका ले आई है ।
इस मामले में साहिब सिंह नामक एक युवक को गिरफ्तार किया है. साहिब सिंह के खिलाफ परिजनों ने यह आरोप लगाया था कि उसी के द्वारा बच्चियों को साथ ले जाया गया है. साहिब सिंह उसी स्कूल से पास जहां दोनों बच्चियां पढ़ती हैं, भवन निर्माण कार्य में राजमिस्त्री का काम करता है. इस मामले में शामिल एक अन्य युवक की तलाश की जा रही है. गुरुवार को दुमका एसपी के द्वारा इस मामले से जुड़ी सारी जानकारी दी जाएगी ।
भागलपुर-पटना होते हुए पहुंचीं बेतिया
दुमका नगर थाना प्रभारी नंद किशोर प्रसाद ने बताया कि इस मामले का आरोपी साहिब सिंह अपने एक मित्र के साथ दोनों छात्राओं को लेकर गया था । इन युवकों के साथ दोनों छात्रा पहले दुमका से भागलपुर गईं और फिर वहां से ट्रेन से पटना पहुंचीं । बाद में सड़क मार्ग के द्वारा वह बेतिया पहुंची थीं. थाना प्रभारी ने कहा कि इस मामले में साहिब सिंह को भी शिकंजे में लेकर दुमका लाया गया है, जहां उससे पूछताछ की जा रही है । दोनों छात्राओं का गुरुवार को कोर्ट में बयान दर्ज कराया जाएगा ।
छुट्टी होने के बाद निकल गई थी दोनों
दरअसल, नगर थाना क्षेत्र के निजी विद्यालय में कक्षा छह में पढ़ने वाली दो छात्राएं सोमवार की दोपहर छुट्टी होने के बाद गायब हो गई थीं । घरवालों ने स्कूल में निर्माण कार्य में लगे मिस्त्री साहिब सिंह पर दोनों को बहला फुसलाकर बाहर ले जाने का आरोप लगाया था । परिजनों से सूचना मिलने के बाद नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची थी और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर छानबीन शुरू कर दी थी जिसके बाद यह सफलता मिली है ।
