
डुमुरिया (घाटशिला) : कलाकारों के लिए सबसे बड़ा अलंकार होता है उनका सम्मान – मिर्जा सोरेन
रिपोर्ट : प्रभाकर @ बिल्लू

झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) की डुमरिया प्रखंड
कमिटी ने डुमरिया प्रखंड के उभरते कलाकार मंगला मार्डी को फिल्म इंडस्ट्री में अभिनय का अवसर मिलने पर सम्मानित कर गौरवान्वित किया।
फिल्म इंडस्ट्री के चर्चित स्क्रिप्ट राइटर एवं निर्देशक अभीक भानु की नई फिल्म लव इन साइलेंस में झारखंड के डुमरिया प्रखंड का निश्चिंतपुर गांव निवासी मंगला मार्डी को महत्वपूर्ण भूमिका मिली है। सुदूरवर्ती ग्रामीण क्षेत्र से निकलकर फिल्म जगत तक पहुंचना अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है, जिसने पूरे पूर्वी सिंहभूम जिले और झारखंड राज्य का मान बढ़ाया है।
जेएमएम के प्रखंड अध्यक्ष मिर्जा सोरेन ने कहा कि मंगला मार्डी की यह सफलता न केवल उनके व्यक्तिगत संघर्ष और प्रतिभा की जीत है, बल्कि यह पूरे झारखंड की कला-संस्कृति के लिए प्रेरणादायक उदाहरण है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि मंगला भविष्य में भी अपनी कला से राज्य का नाम रोशन करेंगे।
विदित हो कि प्रेस क्लब ऑफ इंडिया, दिल्ली में आयोजित ऑडिशन के दौरान मंगला मार्डी की प्रतिभा और अभिनय कौशल से प्रभावित होकर निर्देशक ने उन्हें तत्काल अपनी फिल्म में भूमिका देने का निर्णय लिया और वहीं एग्रीमेंट भी किया।
फिल्म लव इन साइलेंस का निर्माण ब्रिज रॉक बिल्डटेक प्राइवेट लिमिटेड के बैनर तले किया गया है, जिसकी निर्माता श्रीमती शालिनी सिंह हैं। इस फिल्म में योगेश सिंह, सन्नी विज, प्राची सहित दर्जनों कलाकारों ने अपने अभिनय का योगदान दिया है।
मंगला मार्डी की यह उपलब्धि निश्चय ही झारखंड के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी और यह संदेश देगी कि प्रतिभा किसी बड़े शहर की मोहताज नहीं होती है ।
“जेहन में जज्बा और हौसले अगर बुलंद हो तो रास्ता देने के लिए तकदीर बेबस हो जाता ही है।”
