Advertisements
Spread the love

दोस्तों की मेला यात्रा बनी आखिरी सफर, सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत

रिर्पोटर – जगबंधु महतो

तेज रफ्तार अर्टिगा ने बाइक को मारी टक्कर, दो की मौके पर मौत; अस्पताल में तीसरे ने तोड़ा दम

 

नीमडीह : पश्चिम बंगाल के दातिया में सोमवार देर रात हुए सड़क हादसे में नीमडीह थाना क्षेत्र के जुगिलांग गांव के तीन युवकों की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही गांव में मातम पसर गया। मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा है।
जानकारी के अनुसार जुगिलांग गांव निवासी शिवम गोप, लुकास गोप और सपन गोप बाइक से पुरुलिया जिले के बलरामपुर में आयोजित छाता मेला देखने गए थे। बताया गया कि तीनों ने वहां पनामा सर्कस देखा। मेला देखने के बाद देर रात तीनों बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान चांडिल-पुरुलिया मार्ग पर मालती चेकपोस्ट के समीप उनकी बाइक दुर्घटना का शिकार हो गई।
बताया जाता है कि जमशेदपुर की ओर से पश्चिम बंगाल की तरफ जा रही एक अर्टिगा कार ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। शिवम गोप और लुकास गोप की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं सपन गोप को गंभीर हालत में पुरुलिया सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
हादसे के बाद कार चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पश्चिम बंगाल पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस दुर्घटना में शामिल वाहन की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
नीमडीह थाना प्रभारी डीलशन बिरुवा ने बताया कि बंगाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार चालक की पहचान व गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। एक ही गांव के तीन युवकों की मौत से जुगिलांग में शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।