Advertisements
Spread the love

आदित्यपुर में दुर्गोत्सव को लेकर पुलिस अलर्ट, एसपी ने पंडालों और पार्किंग स्थलों का लिया जायजा

रिर्पोटर – जगबंधु महतो

भीड़, जाम और सुरक्षा पर रहेगी पैनी नजर, संवेदनशील इलाकों में बढ़ेगी सीसीटीवी निगरानी

आदित्यपुर : शारदीय नवरात्र और दुर्गा पूजा को लेकर आदित्यपुर में सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार शाम सरायकेला-खरसावां के पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी ने क्षेत्र के प्रमुख पूजा पंडालों और प्रस्तावित पार्किंग स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम आवागमन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसपी ने आदित्यपुर एम-टाइप स्थित प्रवीण सेवा स्मृति संस्थान के पूजा पंडाल का निरीक्षण किया। उन्होंने पंडाल में श्रद्धालुओं के प्रवेश और निकास की व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण तथा आसपास की सुरक्षा व्यवस्था को देखा। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि पूजा के दौरान भीड़ बढ़ने की स्थिति में किसी तरह की अव्यवस्था न हो और लोगों के आवागमन के लिए पर्याप्त जगह उपलब्ध रहे।
इससे पहले एसपी ने जयप्रकाश उद्यान और हातिल फर्नीचर के समीप प्रस्तावित पार्किंग स्थलों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने पार्किंग में प्रकाश, बैरिकेडिंग और वाहनों की व्यवस्थित आवाजाही सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

एसपी मनोज स्वर्गियारी ने बताया कि जमशेदपुर से सटे प्रमुख पूजा स्थलों से निरीक्षण अभियान शुरू किया गया है। सुरक्षा के लिहाज से पंडालों और संवेदनशील मार्गों पर अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। नगर निगम के साथ समन्वय कर पार्किंग स्थलों पर लाइटिंग और अन्य जरूरी सुविधाएं भी सुनिश्चित की जा रही हैं। वहीं, संस्थान के संरक्षक सह पूर्व विधायक अरविंद सिंह ने बताया कि पूजा समिति सरकारी दिशा-निर्देशों और सुरक्षा मानकों के अनुरूप तैयारियां कर रही है। श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, शौचालय और प्राथमिक सुरक्षा की व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि इस बार पंडाल की थीम में प्रकृति, पहाड़,जीव-जंतुओं और मां काली के विभिन्न स्वरूपों की झलक देखने को मिलेगी।
निरीक्षण के दौरान एसडीपीओ अभिनव भारद्वाज, आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार, ट्रैफिक प्रभारी राजू, पुलिस निरीक्षक राजेश कुमार सहित पूजा समिति के सदस्य मौजूद रहे।