पूर्व आप्त सचिव विवेकानंद राउत के आवास पर वन विभाग की छापेमारी, एक पुराने मामले में पंकज राउत की तलाश में पहुंची थी टीम, नहीं मिली सफलता

दुमका संवाददाता- मौसम गुप्ता
दुमका : दुमका के दिवंगत एवं पूर्व सांसद दिशोम गुरु शिबू सोरेन के आप्त सचिव रह चुके विवेकानंद राउत के घर शनिवार की सुबह वन विभाग और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी की। वन विभाग की टीम पूर्व आप्त सचिव विवेकानंद राउत के रिश्तेदार पंकज राउत को एक पुराने मामले में गिरफ्तार करने के लिए पहुंची थी। हालांकि छापेमारी के दौरान हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा। पूर्व आप्त सचिव विवेकानंद राउत के दुमका शहर के महुआ डंगाल स्थित घर में छापेमारी का नेतृत्व वन विभाग के प्रशिक्षु आईएफएस अधिकारी पुष्कर कर रहे थे। टीम में वन विभाग के अधिकारी, फॉरेस्ट गार्ड और झारखंड पुलिस के बल शामिल थे। पूरी छापेमारी के दौरान हंगामे का दृश्य रहा। स्थानीय लोग वन विभाग की टीम से छापेमारी की वजह पूछते रहे लेकिन मौके पर मौजूद वन विभाग के अधिकारी ने छापेमारी की वजह नहीं बतायी जिससे स्थानीय लोगों में छापेमारी टीम के प्रति काफी आक्रोश दिखा। वही मीडिया के सवाल पर भी मौके पर मौजूद वन विभाग के अधिकारी ने जवाब नहीं दिया। इधर, दुमका के वन प्रमंडल पदाधिकारी सात्विक ने कहा कि एक पुराने मामले में टीम आरोपी पंकज राउत को गिरफ्तार करने गयी थी लेकिन सफलता नहीं मिली। कहा कि मामले में नियम संगत कार्रवाई की जाएगी।
वन प्रमंडल पदाधिकारी सात्विक ने पूरे मामले पर कहा कि बीते वर्ष मेसर्स लालजी पटेल एंड कंपनी शो मिल पर कार्रवाई हुई थी। उक्त आरा मिल पर कई गंभीर आरोप थे। मामले में दो लोगों जयपाल राउत और पंकज राउत को अभियुक्त बनाया गया था। मामले में चार्जशीट दाखिल करने के बाद आरोपी पंकज राउत की गिरफ्तारी के लिए टीम उसके आवास पहुंची थी लेकिन सफलता नहीं मिली।

