शीतला मंदिर के सामने दिनदहाड़े मर्डर से दहला गम्हरिया, पुलिस ने शुरू की आरोपियों की तलाश

रिर्पोटर – जगबंधु महतो
गम्हरिया : गम्हरिया थाना क्षेत्र के बोलायडीह स्थित शीतला मंदिर के सामने शनिवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बीच सड़क पर एक युवक की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया और लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर करीब एक बजे चार से पांच हमलावर अचानक युवक के पास पहुंचे और उस पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमला इतना तेज था कि युवक को संभलने का मौका तक नहीं मिला। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
स्थानीय लोगों ने मृतक की पहचान जगन्नाथ गोप उर्फ कड़ा के रूप में की है। घटना सबसे व्यस्त और घनी आबादी वाले इलाके में हुई, लेकिन हमलावरों के खौफ के कारण मौके पर मौजूद लोग खुलकर कुछ भी बताने से बचते नजर आए।
घटना की सूचना मिलते ही गम्हरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर जांच प्रारंभ कर दी है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है।
फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। दिनदहाड़े हुई इस हत्या ने क्षेत्र की कानून-व्यवस्था को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
Related posts:

