Advertisements
Spread the love

“एक पौधा माँ के नाम” अभियान के साथ वन महोत्सव मनाया गया
आईएफएस अधिकारी शबा आलम अंसारी ने किया प्रेरक संबोधन

सरायकेला – खरसावां । एमबीएनएस समूह के शैक्षणिक विभाग एवं नर्सिंग विभाग के एनएसएस सेल के संयुक्त तत्वावधान में वन महोत्सव के उपलक्ष्य में “एक पौधा माँ के नाम” विषय पर एक दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि आईएफएस अधिकारी शबा आलम अंसारी, फील्ड डिप्टी कंजरवेटर ऑफ फॉरेस्ट, डालमा वाइल्डलाइफ सैंक्चुअरी, पूर्वी सिंहभूम रहीं। उन्होंने छात्रों के साथ अपने प्रेरणादायक अनुभव साझा करते हुए बताया कि किस प्रकार उन्होंने समर्पण और कठिन परिश्रम से भारतीय वन सेवा में स्थान प्राप्त किया। उन्होंने छात्रों को जीवन में लक्ष्य निर्धारण, मेहनत और लगन से आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम की शुरुआत निदेशिका डॉ. अनुपा सिंह के स्वागत भाषण से हुई। उन्होंने वन महोत्सव के महत्व पर प्रकाश डालते हुए पर्यावरण संरक्षण और पौधारोपण के सामाजिक दायित्व को रेखांकित किया।

इस आयोजन में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं व फैकल्टी सदस्यों ने भाग लिया। सभी प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक पौधारोपण किया और वन संरक्षण के प्रति अपनी जागरूकता और प्रतिबद्धता जाहिर की।

अपने संबोधन में शबा आलम अंसारी ने कहा, “वनों का संरक्षण न केवल हमारे पर्यावरण के लिए आवश्यक है, बल्कि यह हमारी आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को भी सुरक्षित करता है।”

कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।
इस आयोजन ने न केवल पर्यावरणीय चेतना को प्रोत्साहित किया, बल्कि छात्रों को अपने जीवन में सकारात्मक परिवर्तन की दिशा में अग्रसर होने की प्रेरणा भी दी।