
पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने गंगाडीह में लक्ष्मी पूजा में लिया हिस्सा, क्षेत्र की सुख-समृद्धि की की कामना

रिपोर्ट : अभिजीत सेन
जमशेदपुर / पोटका । लक्ष्मी पूजा के शुभ अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री श्री चंपई सोरेन पोटका प्रखंड के गंगाडीह गांव पहुंचे, जहाँ उन्होंने सार्वजनिक लक्ष्मी पूजा समिति द्वारा आयोजित पूजा में सम्मिलित होकर मां लक्ष्मी के समक्ष माथा टेक आशीर्वाद लिया और क्षेत्रवासियों के सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।
इस दौरान उन्होंने कहा कि पोटका प्रखंड झारखंड आंदोलन का ऐतिहासिक केंद्र रहा है। हल्दीपोखर और गंगाडीह जैसे स्थानों से आंदोलन की रणनीति तैयार की जाती थी। उस समय संसाधन नहीं थे — कभी पैदल, कभी साइकिल या मिनी बस से किराया देकर गांव-गांव जाकर झारखंड आंदोलन को आगे बढ़ाया गया। उन्होंने कहा, “मैंने अपना खून-पसीना बहाकर, कई बार भूखे रहकर झारखंड मुक्ति मोर्चा को मजबूत किया।”
उन्होंने याद किया कि गंगाडीह निवासी दिवंगत लखी चरण कुंडू आंदोलन के दिनों में न केवल साथ रहे बल्कि आर्थिक सहयोग भी करते थे। सोरेन ने कहा कि उन्होंने मजदूर आंदोलन को भी समर्थन दिया और आदित्यपुर इंडस्ट्रियल एरिया, टिस्को, यूसील जादूगोड़ा, बादुहुड़ांग और बागजाता जैसी कंपनियों के अस्थायी मजदूरों को स्थायी रोजगार दिलाने में योगदान दिया।
उन्होंने अफसोस जताया कि आज झामुमो पार्टी पहले जैसी नहीं रही। “पार्टी में मेरा अपमान हुआ, इसलिए मैंने झामुमो छोड़ दिया,” उन्होंने कहा। चंपई सोरेन ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि झारखंड की जनसांख्यिकी (डेमोग्राफी) तेजी से बदल रही है और आदिवासियों की जमीन दान और खरीद-बिक्री के नाम पर लूटी जा रही है। यदि यही स्थिति रही तो राज्य में आदिवासियों का अस्तित्व खतरे में पड़ जाएगा। उन्होंने कहा कि अब झारखंड आंदोलन से भी बड़ा आंदोलन करने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि एक समय वे राजनीति से संन्यास लेने का विचार कर रहे थे, लेकिन इससे राज्य और आदिवासी समाज का नुकसान होता। उन्होंने बताया कि भाजपा का साथ मिलने के बाद अब वे झारखंड के विकास और जनहित के लिए नई रणनीति के साथ काम कर रहे हैं। “भाजपा ही झारखंड का भला करेगी,” उन्होंने कहा।
इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य सूरज मंडल, पूजा समिति के अध्यक्ष सुरजीत कुंडू, दुलाल मुखर्जी, नींबू प्रधान, वकील सोरेन, गणेश सरदार, पोल्टू मंडल, संजय कुंडू, कृष्णा नंदी, बाबी साव, चंदन लाल, अजय सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित थे।

