
पोड़ाडीह में निशुल्क नेत्र जांच एवं ऑपरेशन शिविर का आयोजन, ग्रामीणों को मिलेगा लाभ


संवाददाता : अभिजीत सेन
जमशेदपुर / पोटका । पोटका प्रखंड के पोड़ाडीह गांव में नव युवक क्लब के परिसर में समाजसेवी सीमा मंडल के नेतृत्व में तेजस्विनी सोशल वेलफेयर ट्रस्ट, पूर्णिमा नेत्रालय तथा ब्रह्मानंद हॉस्पिटल के सहयोग से निशुल्क नेत्र जांच एवं ऑपरेशन शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पंचायत की मुखिया दुखनी माई सरदार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं।
शिविर का उद्घाटन अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर समाजसेवी सीमा मंडल एवं ट्रस्ट की सदस्य पोली डे ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों के गरीब लोग आर्थिक तंगी के कारण समय पर नेत्र जांच और ऑपरेशन नहीं कर पाते हैं। ऐसे लोगों की मदद के लिए इस कैंप का आयोजन किया गया है, ताकि जरूरतमंदों, खासकर बुजुर्ग महिलाओं और पुरुषों का इलाज निशुल्क किया जा सके।
मुखिया दुखनी माई सरदार ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में मोतियाबिंद जैसी बीमारियों से पीड़ित लोग इलाज का खर्च उठाने में असमर्थ रहते हैं। यह शिविर उनके लिए वरदान साबित होगा और उन्हें समय पर चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी।
इस दौरान ग्राम प्रधान गोपाल पुराण, मधु पात्र, सुमंत सीट, शोभिक दे, छवि सीट, बिनोती पुराण, दीपक पुराण, निर्मल सीट समेत कई ग्रामीण उपस्थित रहे। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने लाभ उठाया और स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जागरूकता बढ़ी।

