
उपायुक्त की अध्यक्षता में आपूर्ति विभागीय योजनाओं की समीक्षा बैठक सम्पन्न

चाण्ड़िल : सरायकेला खरसावां जिला समाहरणालय में उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में आपूर्ति विभाग अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS), खाद्यान्न आपूर्ति, दाल-भात योजना, डाकिया योजना, धान अधिप्राप्ति एवं भुगतान, चावल दिवस, सोना सोबरन धोती–साड़ी योजना, आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना, ई-केवाईसी, डीलर टैगिंग–रीटैगिंग, तथा NFSA अंतर्गत खाद्यान्न वितरण सहित सभी प्रमुख योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने कहा कि विभागीय योजनाओं का मुख्य उद्देश्य पात्र लाभुकों को समय पर और पारदर्शी तरीके से लाभ उपलब्ध कराना है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि सभी अधिकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में लाभुकों की सुविधा, गुणवत्तापूर्ण सेवा और समयबद्धता को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।
उन्होंने सभी पात्र लाभुकों को निर्धारित मात्रा में खाद्यान्न वितरण हर हाल में सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पीडीएस डीलरों से संबंधित प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करने और दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार दंडात्मक कदम उठाने को कहा। ई-केवाईसी कार्य में तेजी लाने तथा सभी कार्डधारियों का केवाईसी शत-प्रतिशत पूर्ण कराने पर विशेष जोर दिया गया। तकनीकी बाधाओं वाले क्षेत्रों में विशेष शिविर आयोजित कर शेष ई-केवाईसी कार्य जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। साथ ही, जिन लाभुकों द्वारा सहयोग न करने या विलंब करने की शिकायतें मिल रही हैं, उनकी स्थलीय जाँच के बाद आवश्यकता अनुसार नाम विलोपित करने की प्रक्रिया शुरू करने को कहा गया । बैठक में निलंबित डीलरों के लंबित जाँच प्रतिवेदन शीघ्र जिला मुख्यालय भेजने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने कहा कि अनुशंसाओं के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि नमक सहित सभी खाद्यान्न का लक्ष्य अनुसार वितरण, गोदामों में मानक अनुरूप सुरक्षित भंडारण, तथा दिसंबर माह के वितरण कार्य की प्रतिदिन निगरानी जिला आपूर्ति पदाधिकारी द्वारा सुनिश्चित की जाए । बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी पुष्कर सिंह मुंडा, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, गोदाम प्रबंधक सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
Related posts:

