

जमशेदपुर : अंगदान जागरूकता पर मणिपाल टाटा मेडिकल कॉलेज में संगोष्ठी का आयोजन
रिपोर्ट : दीप सागर

जमशेदपुर : मणिपाल टाटा मेडिकल कॉलेज (एमटीएमसी) के आउटरीच विभाग के तत्वावधान में आज डॉ. टी.एम.ए. पाई हॉल में अंगदान और प्रत्यारोपण विषय पर जागरूकता संगोष्ठी का सफल आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम का नेतृत्व देश के प्रसिद्ध कानूनी विशेषज्ञ एवं अंगदान के प्रखर अधिवक्ता एडवोकेट प्रशांत अजमेरा एवं उनकी टीम ने किया। संगोष्ठी में भारत में अंगदान और प्रत्यारोपण से जुड़े कानूनी, नैतिक एवं प्रक्रियागत पहलुओं की विस्तृत जानकारी छात्रों, शिक्षकों और स्वास्थ्य पेशेवरों को दी गई।
एडवोकेट अजमेरा और श्रीमती हिमाली अजमेरा ने अंगदान के महत्व, प्रक्रिया की सरलता और इससे जुड़े मिथकों को दूर करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि अंगदान मानवता की सबसे बड़ी सेवा है और इस कार्य में समाज के प्रत्येक वर्ग को जागरूक होकर भागीदारी निभानी चाहिए।
इस इंटरैक्टिव सत्र में छात्रों एवं प्रतिभागियों ने अपने सवाल पूछकर भ्रांतियां दूर कीं तथा अंगदान के प्रति गहरी रुचि दिखाई। उपस्थित लोगों को अंगदाता बनने की शपथ दिलाई गई और अपने समुदाय में संदेश फैलाने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर एमटीएमसी के डीन डॉ. जी प्रदीप कुमार, निदेशक डॉ. राजीव द्विवेदी, आईएएस अधिकारी श्री दीपांकर चौधरी, आउटरीच विभाग प्रमुख डॉ. महेश्वर प्रसाद समेत कॉलेज के संकाय सदस्य और लगभग 150 छात्र उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य अंगदान जागरूकता को बढ़ावा देना और इसे राष्ट्रीय एवं वैश्विक स्वास्थ्य प्राथमिकताओं के अनुरूप जन आंदोलन का रूप देना था।
