Advertisements
Spread the love

जमशेदपुर : बागबेड़ा में होली के दिन हुई फायरिंग मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, मुख्य आरोपियों की तलाश जारी

दीप पाल  …✍️

Advertisements

जमशेदपुर : बागबेड़ा थाना क्षेत्र के रोड नंबर 4 में होली के दिन घर में घुसकर मारपीट और फायरिंग करने के मामले में पुलिस ने दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में बागबेड़ा कॉलोनी रोड नंबर 6 कृष्णापुरी बस्ती निवासी संदीप सिंह और परसुडीह थाना क्षेत्र के कीताडीह मस्जिद रोड निवासी राकेश शर्मा शामिल हैं। इनके पास से हथियार और गोलियां बरामद की गई हैं।

पुलिस का खुलासा

इस मामले का खुलासा विधि व्यवस्था डीएसपी ने जुगसलाई स्थित पुलिस कार्यालय में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान किया। उन्होंने बताया कि घटना में संदीप और राकेश के अलावा नीरज प्रसाद, पंकज प्रसाद, राजकुमार प्रसाद, धनंजय सिंह, पप्पू सिंह और डीएन सिंह के खिलाफ भी नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

महेश को मारी गई थी गोली

घटना में महेश सिंह के घर में घुसकर मारपीट की गई थी और उसे गोली भी मारी गई थी। गोली उसकी कनपटी को छूते हुए निकल गई थी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। घटना के बाद महेश को इलाज के लिए टीएमएच में भर्ती कराया गया था, जहां अब उसकी हालत पहले से बेहतर बताई जा रही है। पुलिस ने जांच के दौरान घटनास्थल से दो खोखे भी बरामद किए हैं।

संदीप ने चलाई थी गोली

पुलिस जांच में यह सामने आया है कि गोली चलाने वाला मुख्य आरोपी संदीप सिंह ही था। घटना के दौरान उसके अन्य साथी भी मौजूद थे। गोली मारने के बाद से ही संदीप फरार था, लेकिन पुलिस ने उसे धर दबोचा।

पुराने विवाद की वजह से हुई थी फायरिंग

पुलिस के अनुसार, यह घटना आपसी रंजिश के चलते हुई थी। 11 मार्च को एक पार्टी समारोह में संदीप और महेश के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। इसी विवाद को लेकर संदीप ने महेश को गोली मार दी।

गिरफ्तारी के लिए चल रही छापेमारी

पुलिस बाकी फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। इस कार्रवाई में बागबेड़ा थाना प्रभारी गोपाल कृष्ण यादव, एसआई जेवियर होरो, एएसआई संतोष कुमार, मुन्नी मोची, हवलदार अमर कुमार और आरक्षी बैजनाथ यादव सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। फिलहाल, पुलिस मामले की तहकीकात कर रही है और जल्द ही अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी संभव है।

You missed