Spread the love

तिरुलडीह थाना परिसर में पहली बार जनता दरबार का आयोजन, भूमि विवाद से जुड़े कई मामलों का समाधान

चाण्डिल : कुकड़ू अंचलाधिकारी सत्येंद्र नारायण पासवान की अध्यक्षता में सोमवार को तिरुलडीह थाना परिसर में विशेष जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस दौरान भूमि विवाद से जुड़े 23 आवेदन प्राप्त हुए जिनमें से कई मामलों का मौखिक समाधान मौके पर ही किया गया। ग्रामीणों के अनुसार यह पहली बार था जब तिरुलडीह थाना परिसर में भूमि विवाद निवारण के लिए जनता दरबार आयोजित किया गया। इस पहल से प्रशासन और जनता के बीच संबंध मजबूत होंगे और विवादों का समाधान त्वरित रूप से किया जा सकेगा। अंचलाधिकारी सत्येंद्र नारायण पासवान ने कहा कि कुकड़ू अंचल क्षेत्र में भूमि विवादों के कारण कई बार खूनी संघर्ष की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। इसलिए थाना परिसर में जनता दरबार आयोजित किया गया ताकि विवादों का समाधान निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से किया जा सके। उन्होंने बताया कि आज के जनता दरबार में कुल 23 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें भूमि के आपसी बंटवारे और नापी से जुड़े विवाद प्रमुख थे। कई मामलों का मौखिक समाधान मौके पर ही किया गया। शेष मामलों को सात दिनों के भीतर निष्पादित करने का निर्णय लिया गया है। प्रशासन और पुलिस के संयुक्त प्रयास से समस्याओं के समाधान में तेजी आई है। अंचलाधिकारी ने कहा कि भूमि विवाद के मामलों में लॉ एंड ऑर्डर बनाए रखने में पुलिस की भूमिका महत्वपूर्ण होती है। जनता दरबार पुलिस की निगरानी में भयमुक्त वातावरण में संपन्न होते हैं जिससे समाधान प्रक्रिया अधिक प्रभावी बनती है। लोग आपसी झगड़ों से बचें और प्रशासन की मदद लें। किसी भी विवाद की सूचना तत्काल प्रशासन को दें और कानून के दायरे में रहकर समाधान करें। सड़क दुर्घटनाओं में मुआवजा न मिलने से जुड़े सवाल पर अंचलाधिकारी ने कहा कि दुर्घटना मामलों में प्रक्रिया पूरी करने पर ही मुआवजा राशि दी जाती है। भविष्य में भी इस तरह के कैंप आयोजित किए जाएंगे ताकि लोगों को ब्लॉक ऑफिस में भीड़ का सामना न करना पड़े और उनके कार्य सुगमता से हो सकें इस अवसर पर जिप उपाध्यक्ष मधुश्री महतो, तिरुलडीह थाना प्रभारी अविनाश कुमार, उप प्रमुख एकराम अंसारी, ईचाडीह पंचायत मुखिया चित्तरंजन सिंह मुंडा, चौड़ा पंचायत मुखिया प्रतिनिधि रामलाल सिंह मुंडा, लेटेमदा पंचायत मुखिया इंद्रजीत सिंह, बाकरकुडी ग्राम प्रधान रवि प्रामाणिक सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे। तिरुलडीह थाना में आयोजित जनता दरबार जनता और प्रशासन के बीच मजबूत समन्वय की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे न केवल भूमि विवादों का समाधान होगा बल्कि प्रशासनिक प्रक्रिया भी सुगम होगी।

You missed