“झामुमो सिर्फ पार्टी नहीं, झारखंड की अस्मिता और संघर्ष की पहचान” : प्रो. केपी सोरेन

रिर्पोटर – जगबंधु महतो
राजनगर में झामुमो जिला कार्यसमिति की अहम बैठक, शिबू सोरेन, निर्मल महतो व रामदास सोरेन की स्मृति में होंगे विशेष कार्यक्रम
राजनगर (सरायकेला-खरसावां): झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) जिला सरायकेला-खरसावां कार्यसमिति की एक दिवसीय महत्वपूर्ण बैठक रविवार को राजनगर के बाघराईसाईं में जिला अध्यक्ष शुभेंदु महतो की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने, आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करने तथा पार्टी अनुशासन को और अधिक प्रभावी बनाने पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के मुख्य अतिथि झारखंड सरकार के भू-राजस्व मंत्री दीपक बिरवा ने कहा कि झामुमो जिला कमेटी संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि आगामी दिनों में दिशोम गुरु शिबू सोरेन, शहीद निर्मल महतो और दिवंगत मंत्री रामदास सोरेन से जुड़े कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया जाएगा, जिससे कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार होगा।
वरिष्ठ झामुमो नेता प्रो. केपी सोरेन ने कहा कि संगठन की असली ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता होते हैं। यदि प्रत्येक कार्यकर्ता बूथ स्तर तक सक्रिय होकर जनता की समस्याओं के समाधान के लिए काम करे, तो झामुमो को और अधिक मजबूत बनने से कोई नहीं रोक सकता। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और पार्टी की नीतियों को घर-घर तक पहुंचाएं तथा जनता के सुख-दुख में सहभागी बनें।
उन्होंने कहा कि संगठनात्मक बैठकें केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा, नई सोच और नई रणनीति का संचार करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से अनुशासन, एकजुटता और समर्पण के साथ संगठन को मजबूत करने का आह्वान करते हुए कहा कि “जनता का विश्वास ही झामुमो की सबसे बड़ी पूंजी है और इस विश्वास को बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।”
जिला अध्यक्ष शुभेंदु महतो ने संगठनात्मक अनुशासन पर विशेष जोर देते हुए स्पष्ट कहा कि पार्टी में अनुशासनहीनता किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी प्रखंड अध्यक्षों को एक माह के भीतर बूथ कमेटियों का पुनर्गठन कर रिपोर्ट जिला कमेटी को सौंपने का निर्देश दिया। साथ ही सोशल मीडिया पर पार्टी विरोधी गतिविधियों या अमर्यादित टिप्पणी करने वालों तथा लगातार तीन बैठकों में बिना सूचना अनुपस्थित रहने वाले पदाधिकारियों के विरुद्ध कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में सर्वसम्मति से यह भी निर्णय लिया गया कि 4 अगस्त को दिशोम गुरु शिबू सोरेन से संबंधित कार्यक्रम, 8 अगस्त को शहीद निर्मल महतो के शहादत दिवस तथा 15 अगस्त को पूर्व मंत्री रामदास सोरेन की पुण्यतिथि पर सभी प्रखंड कार्यालयों में श्रद्धांजलि सभाओं का आयोजन किया जाएगा।
बैठक में खरसावां विधायक दशरथ गागराई, ईचागढ़ विधायक सबिता महतो, केंद्रीय सदस्य गणेश महाली, गणेश चौधरी, सरायकेला नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज चौधरी, युवा मोर्चा अध्यक्ष भुगलु सोरेन सहित बड़ी संख्या में जिला, प्रखंड एवं पंचायत स्तर के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Related posts:

