
न्यायमूर्ति सुजीत नारायण प्रसाद ने झालसा गतिविधि कैलेंडर–2026 का विमोचन किया

Arjun Kumar Pramanik…….✍️
राँची । झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा शुक्रवार, 17 जनवरी 2026 को गतिविधि कैलेंडर–2026 तथा वार्षिक पत्रिका “न्याय डगर” (विशेष अंक–2025) का विमोचन किया गया। इसी अवसर पर रांची विधिक साक्षरता क्लब के विद्यार्थियों का सम्मान समारोह भी आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन झालसा सभागार, न्याय सदन में किया गया । कार्यक्रम का उद्घाटन दीप प्रज्वलन के साथ न्यायमूर्ति सुजीत नारायण प्रसाद, न्यायाधीश, झारखंड उच्च न्यायालय एवं कार्यकारी अध्यक्ष, झालसा द्वारा सुबह 10:30 बजे किया गया।
कार्यक्रम में सभी जिला विधिक सेवा प्राधिकरणों के अध्यक्ष एवं सचिव आभासी माध्यम से जुड़े। इसके अलावा पैनल अधिवक्ता, मध्यस्थ, विधिक सहायता रक्षा अधिवक्ता, पैरा लीगल वालंटियर सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी और कर्मी उपस्थित रहे । मुख्य संबोधन में न्यायमूर्ति सुजीत नारायण प्रसाद ने कहा कि वर्ष 2025 में झालसा द्वारा कई महत्वपूर्ण गतिविधियां आयोजित की गईं। इन्हीं अनुभवों के आधार पर गतिविधि कैलेंडर–2026 तैयार किया गया है, जिसमें राष्ट्रीय लोक अदालत, मासिक लोक अदालत, विधिक जागरूकता एवं जनसंपर्क कार्यक्रमों को प्रमुखता दी गई है । उन्होंने झारखंड में लापता बच्चों एवं बाल तस्करी के मामलों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि बच्चों की सुरक्षा और संरक्षण आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने पुलिस थानों, अस्पतालों तथा अन्य संस्थानों में तैनात पैरा लीगल वालंटियरों से अधिक सतर्क रहने और सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात कही । न्यायमूर्ति ने यह भी कहा कि रोजगार के पर्याप्त अवसर नहीं होने के कारण राज्य के युवाओं को बाहर जाना पड़ता है। तस्करी से मुक्त कराए गए बच्चों को पुनर्वास के बाद आजीविका संबंधी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ऐसे बच्चों को स्वयं सहायता समूहों से जोड़ना आवश्यक है, ताकि उन्हें अपने क्षेत्र से बाहर न जाना पड़े । उन्होंने प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से अपील की कि वे इन विषयों पर विशेष ध्यान दें तथा पुनर्वासित बच्चों को आवश्यक सामाजिक सहायता उपलब्ध कराएं । कार्यक्रम में नगर पुलिस अधीक्षक, रांची, सभी जिलों के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश, झालसा के सचिव, मध्यस्थ, पैनल अधिवक्ता, विधिक सहायता रक्षा अधिवक्ता, पैरा लीगल वालंटियर तथा अन्य गणमान्य लोग शामिल हुए । कार्यक्रम का स्वागत भाषण सदस्य सचिव, झालसा द्वारा दिया गया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन उप निबंधक-सह-उप सचिव, झालसा ने किया।
Related posts:

