Advertisements
Spread the love

अति वृष्टि से खिजरी निवासी सोनी देवी का घर गिरा, रहने में हो रही है परेशानी : आरती कुजूर

Advertisements

राँची/नामकुम । सूबे में लगातार हो रही बारिश जहां जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर रही है, वहीं गरीबों के आशियानों पर भी संकट के बादल मंडरा रहे हैं। ताज़ा मामला खिजरी प्रखंड के महली टोली का है, जहां निवासी सोनी देवी का घर भारी बारिश के कारण पूरी तरह से ढह गया।

ईश्वर का शुक्र है कि हादसे के वक्त सभी लोग जागे हुए थे। यदि यह घटना रात के समय हुई होती, तो बड़ा हादसा हो सकता था। सोनी देवी ने बताया कि उनके पति दो भाइयों में छोटे हैं और दिव्यांग भी हैं। किसी तरह एक कमरे में वह खुद और एक अन्य कमरे में बड़े भैया रहते थे। अब घर पूरी तरह से गिर चुका है, जिससे रहने की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है।

पीड़िता ने बताया कि कभी-कभी उन्हें अपने भैया के कमरे में या पड़ोसियों के घर शरण लेनी पड़ रही है। उन्होंने बताया कि कई बार आवास योजना के तहत मदद के लिए ग्रामसभा में आवेदन किया, लेकिन केवल आश्वासन ही मिला, वास्तविक मदद आज तक नहीं मिल पाई।

जानकारी मिलने पर पूर्व जिला परिषद सदस्य आरती कुजूर पीड़िता के घर पहुंचीं और हालात का जायज़ा लिया। उन्होंने स्थानीय प्रशासन से अविलंब पीड़ित परिवार के लिए भोजन और रहने की वैकल्पिक व्यवस्था करने तथा स्थायी आवास उपलब्ध कराने की मांग की। साथ ही यह भी कहा कि क्षेत्र के अन्य कई मकान भी जर्जर अवस्था में हैं, जो कभी भी गिर सकते हैं और जान-माल की हानि हो सकती है। अतः प्रशासन को क्षेत्र का निरीक्षण कर ज़रूरतमंदों की मदद सुनिश्चित करनी चाहिए।