
डालसा द्वारा जुड़ी मध्य विद्यालय में विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

संवाददाता : अभिजीत सेन
जमशेदपुर/पोटका । पोटका प्रखंड अंतर्गत जुड़ी पंचायत के जुड़ी मध्य विद्यालय में डालसा (जिला विधिक सेवा प्राधिकरण) के तत्वावधान में स्कूली बच्चों के लिए विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम डालसा सचिव धर्मेंद्र कुमार के निर्देश पर आयोजित हुआ। इस दौरान उपस्थित पी.एल.वी. (पैरालीगल वालंटियर्स) ने बच्चों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा दी जा रही निःशुल्क विधिक सहायता की जानकारी विस्तार से दी। बच्चों को बताया गया कि आर्थिक रूप से कमजोर, आदिवासी, महिलाएँ, बच्चे, दिव्यांगजन तथा जिनकी वार्षिक आय तीन लाख रुपये से कम है, उन्हें आवश्यक कानूनी सहायता निःशुल्क उपलब्ध कराई जाती है। कार्यक्रम में बच्चों को उनके मौलिक अधिकार एवं कर्तव्य, शिक्षा का अधिकार, गुड टच–बैड टच, बाल विवाह, बाल मजदूरी, जेंडर आधारित हिंसा, डायन प्रथा, मानव तस्करी, भ्रूण हत्या, नशा मुक्ति, घरेलू हिंसा, साइबर ठगी आदि मुद्दों पर जागरूक किया गया।
महिला पी.एल.वी. ने किशोरियों से माहवारी (पीरियड्स) से संबंधित मुद्दों पर खुलकर चर्चा की और इसे प्राकृतिक प्रक्रिया बताते हुए स्वच्छता बनाए रखने व सावधानी बरतने की सलाह दी। बच्चों को गंदे और गीले कपड़ों का उपयोग न करने तथा नियमित रूप से विद्यालय आने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही बड़ों का सम्मान और छोटे बच्चों के प्रति आदर का भाव रखने की बात कही गई। कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि किसी भी सरकारी योजना की जानकारी या लाभ प्राप्त करने के लिए पंचायत में संचालित डालसा विधिक सहायता केंद्र से संपर्क किया जा सकता है। इस अवसर पर स्कूल की शिक्षिकाएँ – बसंती कुमारी, शीला सरदार, सुमिता मुंडा, राश्णिता कुमारी टुडू – के साथ ही डालसा के पी.एल.वी. चयन कुमार मंडल, डोबो चकिया, छाकु माझी, गौतम सरदार, राजेश माहली, दुलाल चंद्र मंडल, मीरा मंडल, ज्योत्सना गोप, कुरुमीता मुर्मू, सबिता सोरेन, बसंती सरदार, सुमित गोप आदि उपस्थित रहे।

