Spread the love

आसानबनी की बहुप्रतीक्षित मांग पूरी : विधायक संजीव सरदार ने नए स्वास्थ्य उपकेंद्र का किया शिलान्यास

Advertisements
Advertisements

संवाददाता : अभिजीत सेन

जमशेदपुर/पोटका । पोटका प्रखंड के आसानबनी क्षेत्र के ग्रामीणों की वर्षों पुरानी मांग आज पूरी हो गई। पोटका विधायक संजीव सरदार ने सोमवार को भव्य समारोहपूर्वक नए स्वास्थ्य उपकेंद्र का शिलान्यास किया। उपकेंद्र बनने से ग्रामीण स्वास्थ्य सुविधाओं में बड़ा सुधार होगा और क्षेत्र के हजारों लोगों को लाभ मिलेगा।

शिलान्यास कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए विधायक संजीव सरदार ने कहा कि “जनता की सुविधा, सुरक्षा और स्वस्थ जीवन हमारी प्राथमिकता है। हमारा प्रयास है कि किसी भी ग्रामीण को इलाज के लिए दूर न जाना पड़े। बेहतर डॉक्टर, आधुनिक मशीनें और 24×7 स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराना हमारी प्रतिबद्धता है।”

उन्होंने आगे कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में अबुआ सरकार ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाने की दिशा में निरंतर काम कर रही है। “मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गांवों के समग्र विकास का संकल्प लिया है और उसका परिणाम आज धरातल पर दिखाई दे रहा है,” विधायक ने कहा।

कार्यक्रम में पोटका प्रखंड कमेटी के अध्यक्ष सुधीर सोरेन, जिला परिषद सदस्य हीरणमय दास, मुखिया अनिता सरदार, भुबनेश्वर सरदार, हितेश भगत, चक्रधर महतो, भूपति महतो सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।