
उपायुक्त के निर्देश पर तड़के बड़ा एक्शन, ईचागढ़–चौका में अवैध बालू कारोबार पर शिकंजा, 11 वाहन जब्त

गाम्हरिया , संवाददाता – जगबंधु महतो
ईचागढ़ : सरायकेला उपायुक्त के निदेशानुसार शुक्रवार तड़के प्रातः लगभग 04:00 बजे ईचागढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत वीरडीह एवं जारगोडीह इलाके में अवैध बालू उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध औचक निरीक्षण अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई जिला खनन पदाधिकारी ज्योति शंकर सतपथी के नेतृत्व में पुलिस एवं खनन विभाग की संयुक्त टीम द्वारा की गई।
अभियान में पुलिस निरीक्षक (चांडिल), खान निरीक्षक समीर ओझा, ईचागढ़ एवं चौका थाना प्रभारी सहित स्थानीय पुलिस बल शामिल थे। निरीक्षण के दौरान बालू खनिज लदे वाहनों को रोककर उनके परिवहन से संबंधित कागजात, मात्रा एवं वैधानिक प्रावधानों की गहन जांच की गई।
जांच के क्रम में कुल 11 वाहनों में विभिन्न प्रकार की अनियमितताएं पाई गईं। इनमें बिना तिरपाल ढके बालू परिवहन, वाहन की रजिस्ट्रेशन संख्या मिटाना अथवा छुपाना जैसी गंभीर लापरवाहियां शामिल हैं। अनियमितता पाए जाने पर सभी संबंधित वाहनों को खनन विभाग की आधिकारिक JIMMS पोर्टल पर लॉक कर दिया गया है, जिससे जुर्माना जमा किए बिना किसी भी प्रकार का परिवहन चालान निर्गत नहीं हो सकेगा।
इस मामले में जिला परिवहन पदाधिकारी, सरायकेला को भी पत्राचार किया जा रहा है, ताकि संबंधित वाहनों के विरुद्ध परिवहन अधिनियम एवं नियमों के तहत आवश्यक कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि जिले के किसी भी क्षेत्र में अवैध खनन, भंडारण अथवा परिवहन को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इस प्रकार की गतिविधियों के विरुद्ध सख्त व निरंतर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

