
चतरा-हजारीबाग बॉर्डर पर बड़ा एनकाउंटर: 15 लाख का इनामी सहदेव महतो समेत 4 नक्सली ढेर, भारी हथियार बरामद

रिपोर्टर – जगबंधु महतो
चतरा/हजारीबाग:
झारखंड के चतरा-हजारीबाग बॉर्डर पर सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच हुई भीषण मुठभेड़ में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। इस ऑपरेशन में 15 लाख रुपये के इनामी कुख्यात नक्सली सहदेव महतो समेत कुल 4 नक्सलियों को मार गिराया गया है।
जानकारी के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर सुरक्षा बलों ने संयुक्त अभियान चलाया था। इसी दौरान घने जंगलों में छिपे नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में जवानों ने मोर्चा संभालते हुए जोरदार जवाबी कार्रवाई की। कई घंटों तक चली मुठभेड़ के बाद चार नक्सली ढेर हो गए।
मारे गए नक्सलियों के पास से भारी मात्रा में अत्याधुनिक हथियार, गोला-बारूद और दैनिक उपयोग की सामग्री बरामद की गई है, जिससे यह साफ है कि वे किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे।
सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, सहदेव महतो लंबे समय से वांछित था और क्षेत्र में कई बड़ी नक्सली घटनाओं में उसकी संलिप्तता रही है। उसकी मौत को नक्सल नेटवर्क के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।
फिलहाल पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है, ताकि अन्य छिपे नक्सलियों का भी सफाया किया जा सके। सुरक्षाबलों ने साफ संकेत दिया है कि नक्सलियों के खिलाफ अभियान और तेज किया जाएगा और क्षेत्र में शांति बहाल कर किसी भी सूरत में विकास कार्यों को बाधित नहीं होने दिया जाएगा।

