
सरायकेला पुलिस की बड़ी कामयाबी: बाइक चोर गैंग का भंडाफोड़, 3 शातिर गिरफ्तार, 5 चोरी की बाइक जब्त
रिर्पोटर – जगबंधु महतो
चोरी की बाइक से चलता था गिरोह का नेटवर्क, पुलिस की SIT कार्रवाई में तीन आरोपी दबोचे
सरायकेला: सरायकेला-खरसावां पुलिस ने जिले में लगातार हो रही बाइक चोरी की घटनाओं पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सक्रिय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस की विशेष जांच टीम (SIT) ने तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर अभियान चलाकर गिरोह के तीन शातिर सदस्यों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान चोरी की पांच मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं, जिनमें हाल ही में चोरी हुई एक हीरो स्प्लेंडर बाइक भी शामिल है।
पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गायारी ने प्रेस वार्ता में बताया कि 17 जुलाई 2026 की रात सरायकेला थाना क्षेत्र के जोरडीहा गांव निवासी लाल चांद सरदार के घर के आंगन से उनकी हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल चोरी हो गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम गठित की गई।
जांच के दौरान जुटाए गए तकनीकी इनपुट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने अख्तर अंसारी उर्फ तेजा (26), करण बास्के (22) और कृष्णा नाथ उर्फ दुखू (22) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में तीनों ने बाइक चोरी की कई घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर चोरी की गई पांच मोटरसाइकिलें बरामद की गईं, जिनमें चार बिना नंबर प्लेट की बाइक भी शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है। अख्तर अंसारी के खिलाफ पहले से पांच जबकि करण बास्के के खिलाफ चार आपराधिक मामले दर्ज हैं। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह सरायकेला-खरसावां समेत आसपास के जिलों में बाइक चोरी की वारदातों को अंजाम देता था।
पुलिस का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है। साथ ही चोरी की अन्य मोटरसाइकिलों की बरामदगी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। अधिकारियों का दावा है कि इस कार्रवाई से जिले में सक्रिय वाहन चोर गिरोह के नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है।
