
20 जोड़ों का सामूहिक विवाह सम्पन्न, ‘उत्थान संगठन’ ने समाजसेवा का दिया प्रेरक उदाहरण

रांची । पुराना विधानसभा के समीप काली मंदिर प्रांगण में रविवार को उत्थान संगठन जनहित सेवा द्वारा सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। संगठन की अध्यक्ष रेणु सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में 20 जोड़ों ने सामाजिक रीति-रिवाजों के अनुसार वैवाहिक जीवन में प्रवेश किया।
समारोह के मुख्य अतिथि तोरपा विधायक सुदीप गुड़िया, मुकेश नायक और विजय कुशवाहा उपस्थित रहे। अतिथियों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए संगठन की पहल की प्रशंसा की।
मुकेश नायक ने कहा, “उत्थान संगठन ने वंचित, निर्धन एवं असहाय परिवारों के युवक-युवतियों का विवाह कराकर एक सराहनीय कार्य किया है। राज्य सरकार को भी ऐसे प्रयासों से प्रेरणा लेकर सहयोग करना चाहिए। विशेषकर महिला संगठनों को सरकारी सहायता प्रदान की जानी चाहिए ताकि वे समाज में बेहतर कार्य कर सकें।”
वहीं विधायक सुदीप गुड़िया ने संगठन की समाजसेवा की प्रतिबद्धता की सराहना करते हुए कहा, “उत्थान संगठन बीते दस वर्षों से जरूरतमंदों की मदद और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के कार्य में जुटा है। सरकार से हम इस संगठन को सहयोग देने की मांग करते हैं।”
इस अवसर पर सभी नवविवाहित जोड़ों को उपहार भेंट किए गए। कार्यक्रम में सामाजिक समरसता और सहयोग की मिसाल देखने को मिली।
समारोह में विजय नायक, सतीश तिर्की, कृष्णा नायक, बलू सिंह, केसू सिंह, अनिता सिंह, देवानंद नायक, राजू नायक, राहुल सिंह समेत बड़ी संख्या में गणमान्य अतिथि एवं स्थानीय लोग मौजूद थे।

