Advertisements
Spread the love

झारखंड राजद में सदस्यता अभियान जोरों पर, 25 मार्च तक कोल्हान में 15,000 नए सदस्य जोड़ने का लक्ष्य

रिपोर्टर – जगबंधु महतो

Advertisements

जिला अध्यक्ष पद के लिए सदस्यता अभियान का प्रदर्शन होगा पैमाना : अर्जुन यादव

गम्हरिया : झारखंड राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रदेश महासचिव अर्जुन प्रसाद यादव ने गम्हरिया स्थित राजद कैंप कार्यालय में प्रेस वार्ता के दौरान कहा कि 2025-28 के लिए पार्टी का सदस्यता अभियान जोर-शोर से जारी है। इस अभियान के तहत सरायकेला-खरसावां जिले में 5,000 नए सदस्य और पूरे कोल्हान क्षेत्र में 15,000 नए सदस्य जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। प्रदेश महासचिव अर्जुन प्रसाद यादव ने कहा कि राजद, महिला राजद और युवा राजद के सभी कार्यकर्ताओं को सक्रिय रूप से इस अभियान में भाग लेने का अनुरोध किया गया है। उन्होंने सभी सदस्यता प्राप्ति रसीदों को 25 मार्च तक जिला मुख्यालय और राज्य मुख्यालय, रांची में जमा करने का निर्देश दिया है। उन्होंने बताया कि इस अभियान की शुरुआत 9 जनवरी को चांडिल में आयोजित वनभोज कार्यक्रम से की गई थी। सभी 9 प्रखंड अध्यक्षों और नगर अध्यक्षों को इसकी जिम्मेदारी सौंप दी गई है ताकि लक्ष्य को समय पर पूरा किया जा सके। प्रदेश महासचिव ने यह भी स्पष्ट किया कि राज्य समिति द्वारा 30 मार्च तक सभी जिलों में नए अध्यक्षों का चुनाव किया जाएगा। इस बार जिला अध्यक्ष पद उन्हीं को मिलेगा जो सदस्यता अभियान के दौरान सबसे अधिक नए सदस्य बनाएंगे। यह निर्णय पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देशों के अनुसार लिया गया है। अर्जुन प्रसाद यादव ने कोल्हान के सभी राजद कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे सदस्यता अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और 25 मार्च तक इसे सफलतापूर्वक पूरा करें। उन्होंने कहा कि यह अभियान राजद संगठन को मजबूत बनाने और आगामी चुनावों की तैयारी के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।

You missed