
विधायक संजीव सरदार ने कोवाली में निर्माणाधीन एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय का किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

संवाददाता : अभिजीत सेन
जमशेदपुर/पोटका । पोटका प्रखंड के कोवाली स्थित निर्माणाधीन एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय का औचक निरीक्षण पोटका विधायक संजीव सरदार ने किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने छात्रावास, रसोईघर, डाइनिंग एरिया और वार्डन क्वार्टर सहित सभी भवनों की प्रगति का जायजा लिया। विधायक ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कार्य हर हाल में एक महीने के भीतर पूरा हो, ताकि छात्रों को शीघ्र ही बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों से किसी प्रकार का समझौता स्वीकार्य नहीं होगा।
पत्रकारों से बातचीत में विधायक संजीव सरदार ने कहा कि पोटका विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा से जुड़ी कई महत्वपूर्ण योजनाएं जल्द शुरू होंगी। यह विद्यालय बनने के बाद बच्चों को उच्च शिक्षा के लिए बाहर जाने की आवश्यकता नहीं होगी और पलायन पर भी रोक लगेगी।
निरीक्षण के दौरान अजीत प्रधान, प्रलाद गौड़ समेत झामुमो कार्यकर्ता और निर्माण एजेंसी के अधिकारी मौजूद रहे।

