
मुसाबनी : मुसाबनी में एक अतिरिक्त सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खोलने की मांग…
रिपोर्ट : संजय दास
१६ सितंबर : घाटशिला अनुमंडल जन अधिकार मंच द्वारा मुसाबनी में एक अतिरिक्त सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खोलने की मांग को लेकर आज एक बैठक आयोजित की गई।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि आगामी 2 अक्टूबर 2026 को पूर्वाह्न 11:00 बजे मुसाबनी नंबर-1 स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष एक दिवसीय धरना दिया जाएगा।
बैठक में उपस्थित सभी साथियों से विचार-विमर्श के बाद यह निर्णय लिया गया। मंच का कहना है कि मुसाबनी क्षेत्र में बेहतर एवं त्वरित स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के लिए एक अतिरिक्त सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की स्थापना अत्यंत आवश्यक है।
इस अवसर पर झारखंड नवनिर्माण अभियान के अध्यक्ष सह रांची उच्च न्यायालय के अधिवक्ता मदन सोरेन ने कहा कि मुसाबनी शहर में आकस्मिक स्वास्थ्य सेवा की नितांत आवश्यकता है। जनप्रतिनिधियों द्वारा बार-बार आश्वासन दिए जाने के बावजूद इस समस्या के समाधान के लिए अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है।
उन्होंने कहा कि आकस्मिक स्वास्थ्य सेवा के अभाव में गंभीर मरीजों को समय पर चिकित्सा सुविधा नहीं मिल पाती, जिसके कारण लोगों की जान पर संकट उत्पन्न होता है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधा के मामले में इस प्रकार की स्थिति को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
वीरेन घोष ने क्षेत्र के लोगों से एकजुट होकर अपनी मांग को मजबूत करने तथा 2 अक्टूबर के धरना कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की। बैठक का संचालन मोहम्मद गुलाम ने किया।
इस अवसर पर झारखंड नवनिर्माण अभियान के अध्यक्ष सह रांची उच्च न्यायालय के अधिवक्ता मदन सोरेन, वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता वीरेन घोष, मुकेश कर्माकर, खुदीराम हांसदा, अफरोज अंसारी, मोहम्मद सनवार, नंदू मदीना, गौरव क्रांति सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
