
मुसाबनी : ताम्र नगरी सुरक्षा समिति ने रोजगार के मुद्दे को लेकर आंदोलन रणनीति किया तय
रिपोर्ट : सुनिल कुमार साव
मुसाबनी ताम्र नगरी सुरक्षा समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक मुसाबनी वेलफेयर ग्राउंड में समिति के अध्यक्ष श्री गणेश प्रसाद की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में एचसीएल/आईसीसी में नियोजन की मांग को लेकर आगामी रणनीति एवं चरणबद्ध आंदोलन की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में बड़ी संख्या में एचसीएल/आईसीसी के कर्मचारियों के आश्रितों एवं जीरो किलोमीटर क्षेत्र के बेरोजगार युवाओं ने भाग लिया। इस दौरान प्रबंधन के साथ हुई वार्ता, सांकेतिक धरना तथा आगामी चरणबद्ध आंदोलन, धरना-प्रदर्शन और आर्थिक नाकेबंदी जैसे विभिन्न विकल्पों पर गंभीरता से विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में उपस्थित सदस्यों ने प्रबंधन के रवैये, वादाखिलाफी एवं स्थानीय बेरोजगार युवाओं की समस्याओं के प्रति कथित अनदेखी पर गहरी नाराजगी व्यक्त की। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि यदि प्रबंधन नियोजन के मुद्दे पर ठोस पहल नहीं करता है, तो समिति अपने अधिकारों की रक्षा एवं न्यायसंगत मांगों की पूर्ति के लिए चरणबद्ध आंदोलन तेज करेगी।
समिति ने स्पष्ट किया कि एचसीएल/आईसीसी में नियोजन के मामले में कर्मचारियों के आश्रितों एवं जीरो किलोमीटर क्षेत्र के बेरोजगार युवाओं के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। स्थानीय युवाओं के भविष्य, रोजगार और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए समिति पूरी मजबूती से संघर्ष करेगी। बैठक में आंदोलन को व्यापक एवं प्रभावी बनाने के लिए आपसी एकजुटता बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में मुख्य रूप से श्री लक्ष्मण चंद्र बाग, श्री बबन सिंह यादव सहित समिति के सदस्य, एचसीएल/आईसीसी कर्मचारियों के आश्रित एवं बड़ी संख्या में स्थानीय बेरोजगार युवक उपस्थित थे।
ताम्र नगरी सुरक्षा समिति ने संकल्प लिया कि स्थानीय युवाओं के रोजगार एवं अधिकारों की लड़ाई निर्णायक मुकाम तक पहुंचाने के लिए संगठित प्रयास जारी रहेंगे।
