Advertisements
Spread the love

“किसी पात्र मतदाता का नाम नहीं कटेगा, अफवाहों पर न दें ध्यान : उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह

Advertisements

रिपोर्टर : जगबंधु महतो

मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 की कार्ययोजना जारी, 30 जून से घर-घर सत्यापन अभियान शुरू

सरायकेला : सरायकेला जिला समाहरणालय स्थित एनआईसी कक्ष में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी नीतीश कुमार सिंह ने मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 की विस्तृत कार्ययोजना की जानकारी देते हुए लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की। उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में मतदाता सूची से नाम हटाए जाने संबंधी कई भ्रामक और अपुष्ट खबरें प्रसारित की जा रही हैं, जिससे लोगों में भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी पात्र मतदाताओं का नाम निर्धारित सत्यापन एवं मैपिंग प्रक्रिया के आधार पर मतदाता सूची में शामिल किया जाएगा।

उपायुक्त ने बताया कि एसआईआर-2026 के लिए 1 अक्टूबर 2026 को अर्हता तिथि निर्धारित की गई है। पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत तैयारी, प्रशिक्षण एवं आवश्यक मुद्रण कार्य 20 जून से 29 जून तक पूरा किया जाएगा। इसके बाद 30 जून से 29 जुलाई 2026 तक बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे। इस दौरान नए मतदाताओं का पंजीकरण, मृत अथवा स्थानांतरित मतदाताओं का सत्यापन तथा अन्य आवश्यक सुधार संबंधी कार्य किए जाएंगे। इसी अवधि में मतदान केंद्रों के युक्तिकरण की प्रक्रिया भी पूरी की जाएगी।

उन्होंने बताया कि 5 अगस्त 2026 को प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। इसके बाद 5 अगस्त से 4 सितंबर तक दावा एवं आपत्ति दर्ज कराने का अवसर मिलेगा। प्राप्त दावों और आपत्तियों का निष्पादन तथा नोटिस संबंधी प्रक्रिया 3 अक्टूबर 2026 तक पूरी की जाएगी।

उपायुक्त ने कहा कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी, निष्पक्ष एवं आयोग के मानकों के अनुरूप संचालित की जाएगी, ताकि कोई भी पात्र मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न रहे। उन्होंने आम जनता से सत्यापन कार्य में सहयोग करने और किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना पर विश्वास न करने की अपील की। प्रेस कॉन्फ्रेंस में अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार, पारुल सिंह सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।