
“नर्सिंग केवल सेवा नहीं, संकल्प है”: नाइटिंगल स्कूल ऑफ नर्सिंग में अंतरराष्ट्रीय नर्सिंग डे पर भव्य कार्यक्रम


राँची/ अनगड़ा । हेसल पंचायत के मिलन चौक स्थित नाइटिंगल स्कूल ऑफ नर्सिंग में अंतरराष्ट्रीय नर्सिंग डे के उपलक्ष्य में एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर झारखंड नर्सिंग रजिस्ट्रेशन काउंसिल (JNRC) की रजिस्ट्रार प्रतिमा लकड़ा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। अपने प्रेरणादायक संबोधन में उन्होंने कहा, “वर्तमान समय में रोजगार के अनेक अवसर होने के बावजूद आप सभी ने सेवा, समर्पण और संवेदना से परिपूर्ण नर्सिंग जैसे चुनौतीपूर्ण क्षेत्र का चयन किया है, इसके लिए आप सभी बधाई के पात्र हैं। मरीजों का केवल शारीरिक उपचार ही नहीं, उनके घायल मन का भी हम इलाज करते हैं।” उन्होंने यह भी कहा कि नर्सिंग एक ऐसा क्षेत्र है जिसमें एक छोटी सी लापरवाही भी किसी की जान पर भारी पड़ सकती है, अतः कार्य के प्रति पूरी ईमानदारी और संवेदनशीलता आवश्यक है। कार्यक्रम में अति विशिष्ट अतिथि के रूप में कुलदीप सिंह, कुलप्रकाश मेमोरियल कॉलेज ऑफ नर्सिंग के निदेशक, अजित महतो (नाइटिंगल स्कूल के निदेशक), सचिव राजबाला कुमारी, प्राचार्या लखिया लकड़ा, उप-प्राचार्या हुलास दादेल सहित विद्यालय के सभी शिक्षकगण उपस्थित रहे। शिक्षकों में प्रमुख रूप से स्वर्णलता टेरेसा कुजुर, प्रतिमा मेहता, प्रिया एंजल कुजुर, सिमरन मर्सी कच्छप, स्वेता लकड़ा और राज दुलवंती के साथ साथ संस्था के कर्मचारी मौजूद मौजूद रहें । कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में छात्र-छात्राएं व स्थानीय नागरिकों ने भी भाग लिया। इस अवसर ने न केवल नर्सिंग के पेशे के प्रति जागरूकता बढ़ाई बल्कि भावी स्वास्थ्यकर्मियों को अपने दायित्वों के प्रति प्रतिबद्ध होने की प्रेरणा भी दी।

