
पोषण माह पर पोटका प्रखंड सभागार में एक दिवसीय कार्यक्रम आयोजित

संवाददाता : अभिजीत सेन
जमशेदपुर/पोटक । पोषण माह के अवसर पर पोटका प्रखंड सभागार में सेंट्री फर वर्ल्ड सॉलिडेरिटी (CWS), सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पोटका एवं कुपोषण उपचार केंद्र (MTC) के संयुक्त तत्वावधान में एक दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई।
इस अवसर पर प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रजनी महाकुड़ ने एमटीसी में भर्ती बच्चों को हाइजीन किट वितरित किए और उपस्थित माताओं एवं किशोरियों को संबोधित करते हुए कहा कि “स्वस्थ ही सच्चा धन है, इसलिए हमें अपने स्वास्थ्य और पोषण के प्रति सजग रहना होगा।” उन्होंने सभी को कुपोषण मुक्त भारत बनाने का संकल्प भी दिलाया।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं और किशोरियों का हीमोग्लोबिन, शुगर एवं ब्लड प्रेशर (BP) जांच लैब टेक्नीशियन बबुलू महतो, एएनएम रीता मुर्मू और एएनएम सपना कुजुर द्वारा किया गया। वहीं, एमटीसी प्रभारी सुकांत सीट एवं काउंसलर ममता महतो ने व्यक्तिगत स्वच्छता और पोषण पर परामर्श सत्र आयोजित किया।
विशेष आकर्षण के रूप में माताओं द्वारा वन उपज आधारित खाद्य सामग्री की रेसिपी डेमोंस्ट्रेशन और प्रदर्शनी लगाई गई, जिसे प्रतिभागियों ने सराहा।
इस मौके पर एमटीसी इंचार्ज, एएनएम पुष्पा कुजुर, एनएम लक्ष्मी सामंत, सीडब्ल्यूएस कार्यकर्ता बसंती सरदार, डोवो चाकिया, सविता सोरेन, मानसी, ब्लॉक संयोजक बिंदु सोरेन, दुर्गा रानी मंडल, बांगी सोरेन, सरिता सोरेन, ललिता सरदार सहित कई लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम में बड़ा बाँधुआ, छोटा बाँधुआ, रोलाडीह, सरमन्दा और टांगरसाई सहित लगभग 10 गाँव की महिलाएँ और किशोरियाँ शामिल हुईं और पोषण संबंधी जानकारी प्राप्त की।
अंत में सभी ने सामूहिक रूप से स्वस्थ एवं कुपोषण-मुक्त समाज बनाने का संकल्प लिया।

