
बचपन प्लेस्कूल में एक सप्ताह का समर कैंप आयोजित

रांची । राजधानी स्थित बचपन प्लेस्कूल में एक सप्ताहीय समर कैंप का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने योग, संगीत, नृत्य, तैराकी और विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों का प्रशिक्षण प्राप्त किया। कैंप का उद्देश्य बच्चों की सृजनात्मक क्षमता को निखारना और उन्हें खेल-खेल में सीखने के लिए प्रेरित करना था।
इस अवसर पर उपस्थित चिंतक डाॅ. मयंक मुरारी ने कहा कि समर कैंप बच्चों के सर्वांगीण विकास में सहायक होते हैं। इससे उनमें कार्य करते हुए सीखने की प्रवृत्ति का विकास होता है, जो भविष्य में उनके आत्मविश्वास और व्यक्तित्व निर्माण में मददगार साबित होता है।
विद्यालय की संचालिका अनुपम श्रीवास्तव ने जानकारी दी कि दस दिवसीय इस कैंप में पूल एक्टिविटी, थिमेटिक एक्टिविटी, नृत्य, पेंटिंग, हस्तकला, पॉट लक पार्टी, सिमुलेशन गेम्स, स्टोरी टेलिंग, मोटिवेशनल गेम्स और गेम ज़ोन विज़िट जैसे कई रोचक कार्यक्रम आयोजित किए गए।
समापन समारोह के दौरान राज आर्यन ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया, जबकि अहाना ने सभी अभिभावकों, शिक्षकों और विद्यार्थियों को उनके सहयोग और उपस्थिति के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।

