Advertisements
Spread the love

दुमका में प्रशासनिक आदेशों की खुली धज्जियां, ओवरलोड ट्रकों पर कार्रवाई सिर्फ दिखावा

Advertisements

संवाददाता : मौसम गुप्ता

दुमका । उप-राजधानी दुमका में जिला प्रशासन और परिवहन विभाग की सख़्त हिदायतों के बावजूद ओवरलोड ट्रकों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। बिना नंबर प्लेट और नियमों की धज्जियां उड़ाते वाहन बेखौफ़ सड़कों पर दौड़ रहे हैं। सूत्रों के अनुसार, जिले में रोज़ाना हज़ारों की संख्या में डंपर और ट्रक गिट्टी लेकर चल रहे हैं। इनमें से अधिकांश वाहन क्षमता से कहीं अधिक लदे रहते हैं। इससे जहां सरकार को करोड़ों का राजस्व नुकसान हो रहा है, वहीं ओवरलोडिंग से सड़कों का बुरा हाल हो चुका है। कई मार्ग अब गड्ढों में तब्दील हो गए हैं। स्थिति यह है कि पुलिस लाइन रोड से लेकर रिया–रमन रोड तक हर ओर ओवरलोड वाहनों की भरमार है। ढालों से ऊपर तक गिट्टी लादी जाती है, लेकिन रोकथाम के लिए न तो पटरे का इस्तेमाल होता है और न ही तिरपाल से ढकने की जहमत उठाई जाती है। नतीजा यह कि सड़क पर चलते वक्त गिट्टियां गिरती रहती हैं। कई लोग इनसे घायल हो चुके हैं, जबकि उड़ती धूल और डस्ट से आमजन का सांस लेना मुश्किल हो गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिला प्रशासन केवल खानापूर्ति करता है। जांच और कार्रवाई के नाम पर सिर्फ दिखावा होता है, जबकि हकीकत यह है कि ओवरलोड ट्रक मालिकों और चालकों पर कोई सख़्त कार्रवाई नहीं हो रही। यही वजह है कि नियम तोड़ने वाले बेख़ौफ़ होकर कारोबार जारी रखे हुए हैं।