Spread the love

हेंचाकोचा पंचायत में अफीम विनष्टीकरण अभियान, किसानों को वैकल्पिक फसल के बीज वितरित-मेडिकल कैंप भी आयोजित

Advertisements
Advertisements

चांडिल : सरायकेला खरसावां जिला के चाण्डिल प्रखंड के चौका थाना अंतर्गत हेंचाकोचा पंचायत में अफीम विनष्टीकरण अभियान के तहत व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में चांडिल प्रखंड विकास पदाधिकारी तलेश्वर रविदास, इंस्पेक्टर सशस्त्र बल-26 कैंप मातकमडीह, एसएसबी के जवानों तथा चौका थाना प्रभारी सोनू कुमार एवं पुलिस कर्मी उपस्थित थे।
अधिकारी ने पंचायत के ग्रामीणों और किसानों को संबोधित करते हुए स्पष्ट रूप से कहा कि अफीम की खेती पूरी तरह अवैध है और इसके गंभीर कानूनी परिणाम हो सकते हैं। लोगों को नशा उन्मूलन और गैरकानूनी खेती के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया गया। किसानों को समझाया गया कि अवैध खेती से न केवल कानून का उल्लंघन होता है, बल्कि समाज और युवा पीढ़ी पर इसका बुरा प्रभाव पड़ता है।
वैकल्पिक आजीविका को बढ़ावा देने हेतु कार्यक्रम के दौरान किसानों के बीच चना, गेहूं, सरसों और मटर के बीज वितरित किए गए, ताकि वे लाभकारी और वैधानिक खेती की ओर प्रेरित हों। अधिकारियों ने बताया कि सरकार किसानों को उचित दिशा, तकनीक और योजनाओं के माध्यम से सहयोग प्रदान कर रही है।
इसके साथ ही ग्रामीणों की स्वास्थ्य समस्याओं को ध्यान में रखते हुए स्थल पर मेडिकल कैंप का भी आयोजन किया गया। चिकित्सकों ने लोगों की जांच कर आवश्यक परामर्श और दवाइयां उपलब्ध कराईं। अभियान के दौरान ग्रामीणों में जागरूकता बढ़ाने पर अधिकारियों ने संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास आगे भी जारी रहेंगे।

Vananchal24tv live से चांडिल संवाददाता का रिपोर्ट