
गम्हरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में नशे में धुत डॉक्टर पर मरीजों ने लगाया गंभीर आरोप

रिपोर्टर – जगबंधु महतो
गम्हरिया : सरायकेला जिला के गम्हरिया प्रखंड अंतर्गत गम्हरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) एक बार फिर डॉक्टरों की लापरवाही और अमर्यादित व्यवहार को लेकर सुर्खियों में है। रविवार दोपहर लगभग 12:30 बजे अपनी पत्नी का इलाज कराने पहुंचे समीर कुमार ने आरोप लगाया कि वह करीब डेढ़ घंटे तक डॉक्टर का इंतजार करते रहे। लगभग 02:30 बजे डॉ. बसंत कुमार अपने केबिन में पहुंचे। समीर कुमार के अनुसार जब उन्होंने डॉक्टर से देर से आने का कारण पूछा तो डॉक्टर नशे में धुत्त अवस्था में भड़क गए और अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए बोले क्या कोई हगने-मूतने भी नहीं जाएगा? उन्होंने शिकायत की धमकी पर भी कहा कि जाओ जहां करना है कर दो, कोई मेरा कुछ नहीं बिगाड़ सकता। इस घटना से समीर कुमार की पत्नी भयभीत हो गई और वे बिना इलाज कराए अस्पताल से लौट गए। स्थानीय लोगों का आरोप है कि डॉ. बसंत कुमार अक्सर शराब के नशे में मरीजों को देखते है जिससे खासकर महिला मरीज इलाज कराने से कतराती हैं। लोगों ने स्वास्थ्य विभाग से इस मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है ताकि मरीजों को सुरक्षित और सम्मानजनक माहौल मिल सके।

