
दुमका पुलिस ने वर्दीधारी गिरोह का किया पर्दाफाश, एक गिरफ्तार

संवाददाता : मौसम गुप्ता
दुमका । मसलिया थाना क्षेत्र के पाटनपुर गांव में बीते 12 सितंबर की रात पुलिस की वर्दी पहनकर लूटपाट करने वाले गिरोह का दुमका पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। इस मामले में गिरोह से जुड़े एक अपराधी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
जानकारी के अनुसार, 12 सितंबर 2025 की रात करीब 11:30 बजे 3–4 अज्ञात अपराधियों ने पुलिस की वर्दी पहनकर पाटनपुर गांव स्थित एक घर में धावा बोला और लूटपाट की घटना को अंजाम दिया। पीड़ित की शिकायत पर मसलिया थाना कांड संख्या 59/25, दिनांक 13.09.2025, धारा 309(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक दुमका के आदेश पर पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) इक्कुड डुगंडुग के नेतृत्व में विशेष जांच दल का गठन किया गया। तकनीकी शाखा और गुप्तचर तंत्र की मदद से लगातार छापेमारी की गई। इसी क्रम में गिरोह से जुड़े एक अपराधी अहमद अंसारी (26 वर्ष), पिता असलम मियां, निवासी शुद्धीडीह छाईटांड़, थाना करमाटोड़, जिला जामताड़ा को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार किया और यह भी खुलासा किया कि वह पहले भी वर्दीधारी गिरोह के साथ मिलकर विभिन्न जिलों में ऐसी वारदातों को अंजाम दे चुका है। फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
छापामारी दल में पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) इक्कुड डुगंडुग, पुलिस निरीक्षक शिवलाल टुड्डू, थाना प्रभारी राजेश रंजन (सदर), अजीत कुमार यादव (मसलिया), अजीत कुमार (जामा), उमेश सिंकू (तालझारी), स.अ.नि. सोनोत बास्की, प्राण टुडू, इन्द्रजीत मुर्मू, हवलदार फरमान आलम, राजेन्द्र मुर्मू तथा तकनीकी शाखा से अमित कुमार, अभिषेक मुर्मू सहित अन्य अधिकारी शामिल थे।
पुलिस का कहना है कि फरार अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी और क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु सतर्कता बढ़ा दी गई है।

